लखीमपुर खीरी। लखीमपुर-शारदानगर के बीच स्थित रौली पुल से एक युवक ने शारदा नहर में छलांग लगा दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को नदी में उतारकर तलाश कराई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार की दोपहर एक युवक दोपहर रौली पुल पर पहुंचा। वह कुछ देर पुल के इधर-उधर घूमता रहा। उसके बाद अचानक पुल की रेलिंग से नहर में छलांग लगा दी। यह देख पुल के एक किनारे लगी दुकानों के पास खड़े लोग अवाक रह गए। मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चौकी इंचार्ज महेश गंगवार मौके पर पहुंचे और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बुलाए गए गोताखोरों को नहर में उतारकर उसकी तलाश कराई, लेकिन शाम तक उसका कोई पता नहीं चला। चौकी इंचार्ज महेश गंगवार ने बताया कि पुल की रेलिंग पर युवक का आधार कार्ड, किसी गाड़ी की चाबी और 200 रुपये रखे मिले हैं। आधार कार्ड विकास कश्यप (35) पुत्र प्रेम प्रकाश कश्यप निवासी मोहल्ला सिकटिया कोतवाली सदर का है। कार्ड के आधार पर परिवार वालों को पुलिस ने सूचना दी। इस पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए हैं। चौकी इंचार्ज ने बताया कि पानी अधिक होने के कारण युवक का अभी कोई पता नहीं चल सका है। परिवार वाले इस संबंध में कुछ नहीं बता पा रहे हैं।