बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व पलिया प्रभाग के उपनिदेशक कार्यालय में तैनात स्टेनो को अनुशासनहीनता के आरोप में फील्ड डायरेक्टर ने निलंबित कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि दुधवा टाइगर रिजर्व में किसी अधिकारी या कर्मचारी की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दुधवा नेशनल पार्क के उपनिदेशक कार्यालय में तैनात स्टेनो रमेश कुमार पर कर्मचारियों को भड़काने कार्यालय के कामकाज की गोपनीयता भंग करने, दफ्तर का माहौल बिगाड़ने के आरोप में सस्पेंड किया गया है। स्टेनों पर यह भी आरोप है कि विभिन्न आरोपों के संबंध में जब उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया तो उन्होंने जान-बूझकर भ्रमित करने वाले असंतोषजनक उत्तर दिए।
दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर संजय पाठक ने स्टेनो के निलंबन की पुष्टि करते हुए डीटीआर में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को आगाह किया है कि वे अनुशासनबद्ध होकर निष्ठा पूर्वक काम करें। किसी तरह की अनुशासनहीनता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।