कुकरा। बांकेगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत खजुहा में बुधवार को ग्राम विकास अधिकारी और पंचायत मित्र के बीच हुई मारपीट का मामला सुलझ नहीं पा रहा है। दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दिए जाने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। सीओ आरके वर्मा ने चार अधिकारियों की कमेटी बनाई है, जो पूरे मामले की जांच करेगी।
मैलानी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत खजुहा के मजरा मदरायां में मनरेगा के तहत तालाब खुदाई करते समय ग्राम विकास अधिकारी अनिल कुमार और पंचायत मित्र अजय कुमार यादव, मेट सुनील, शेरसिंह से विवाद होने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी, जिसमें ग्राम विकास अधिकारी और पंचायत मित्र चोटिल हुए थे। बांकेगंज सीएचसी में दोनों घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद ग्राम विकास अधिकारी अनिल कुमार ने पंचायत मित्र अजय कुमार यादव और मेट एवं मजदूरों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट की रिपोर्ट दर्ज कराने की तहरीर दी थी। पंचायत मित्र अजय कुमार यादव की ओर से मेट सुनील पासी ने भी ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ एससीएसटी उत्पीड़न में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। पुलिस ने किसी भी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। गुरुवार को एसओ मैलानी अशोक कुमार यादव ने कुकरा चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार त्यागी को साथ लेकर मदरायां में घटनास्थल पर श्रमिकों के बयान लिए। ग्राम प्रधान कमरुद्दीन से भी घटना की जानकारी ली। बीडीओ अशोक कुमार सिंह ने ब्लॉक पर दोनों कर्मचारियों को बुलाकर सरकारी कर्मचारी होने के कारण सुलह समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन दोनों की जिद के आगे सुलह समझौता नहीं हो सका। अब सीओ आरके वर्मा के निर्देशन में चार अधिकारियों की टीम बनाई गई है, जो जांच कर पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट पेश करेगी। तब रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, ग्राम विकास अधिकारी अनिल कुमार ने सीडीओ और डीएम से मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।