लखीमपुर खीरी। लॉकडाउन में सरकार ने जहां निशुल्क राशन देने की व्यवस्था की हैं वहीं कोटेदार अपना स्वार्थ सिद्ध करने में लगे हैं। कार्डधारकों को कम राशन तौल रहे हैं। डीएम के आदेश पर बाट माप विभाग के अधिकारियों ने अभियान चलाकर गुरुवार को लखीमपुर खीरी, धौरहरा और निघासन में कई घटतौली करने पर कई कोटेदारों पर शिकंजा कसा गया।
डीएम के आदेश पर उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) की दुकानों के बाट-माप के जांच अभियान में 26 कोटेदारों के खिलाफ बाट-माप अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इन दुकानों पर बाट में मुहर नहीं पाई गई, जबकि तीन दुकानों पर घटतौली पकड़ी गई। जिला बाट माप अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि कोटेदारों/व्यापारियों को हिदायत दी गई है कि कोई ओवररेटिंग/घटतौली न करे अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इसी कड़ी में दुकानों की जांच की जा रही है। दो दिनों में 26 कोटेदारों की दुकानों में बाट-माप में अनियमितता पाई गई है, जिसमें तीन मामले घटतौली के शामिल हैं।
निघासन में विधिक माप विज्ञान निरीक्षक अजीत प्रताप सिंह ने ब्लॉक क्षेत्र के छह कोटेदारों के यहां छापा मारकर कार्रवाई की। इस दौरान बिना सत्यापन किए कांटा और बाट पाए गए। निरीक्षक ने मामले में कार्रवाई की है। मुर्गहा में कोटेदार ने कम राशन देने की बात को भी स्वीकार किया है।
निरीक्षक अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि मुर्गहा के कोटेदार अर्जुन लाल पर कई उपभोक्ताओं ने कम राशन देने की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से मामले की जांच की गई तो करीब आधा किलो कम राशन निकला। इस पर जब कोटेदार से पूछताछ की तो उसने भी कम राशन देने की बात स्वीकार की। तौल में प्रयोग किए जा रहे कांटा और बांट का सत्यापन भी नहीं हुआ था। बाट माप अधिनियम और घटतौली करने के मामले में कार्रवाई की गई। इसके अलावा बालकराम पुरवा में फागूराम कोटेदार के यहां 10 किलो का बांट बिना मोहर का मिला। नौरंगाबाद स्थित सुशीला कोटेदार के यहां तौल उपकरण का कोई भी अभिलेख नहीं पाया गया। विशंभर लाल, प्यारे लाल और लोखंदरपुर स्थित हेमराज कोटेदार के यहां 100 किलो का कांटा बिना सत्यापन के पाया गया। निरीक्षक ने छह कोटेदारों के खिलाफ कांटा माप अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
धौरहरा में कोरोना जैसी वैश्विक महामारी को भी अपनी कमाई का जरिया बनाने वाले कोटेदार अब एसडीएम की रडार पर हैं। एसडीएम ने एक ऐसे ही कोटेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है, जिसने 56 लोगों के अंगूठा लगवा कर उनका राशन हड़प लिया। एसडीएम ने पांच कोटेदारों को आरोप पत्र जारी किया है। 19 अन्य कोटेदारों को नोटिस जारी किया है।
ईसानगर कस्बे के कोटेदार लालता प्रसाद ने 56 लोगों से अंगूठा लगवा कर उन्हें राशन नहीं दिया। बल्कि आने पर देने को कहा। जब यह लोग अपना राशन लेने गए तो कोटेदार ने इन्हें भगा दिया। सभी लाभार्थियों ने एसडीएम एस सुधाकरन को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की। एसडीएम ने जांच कराई तो मामला सही पाया गया। एसडीएम ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कोटेदार के विरुद्ध कोतवाली ईसानगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके अलावा क्षेत्र के पांच कोटेदारों पर आरोप पत्र जारी किया है। 19 कोटेदारों को शिकायत के आधार पर नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। एसडीएम एस सुधाकरन ने बताया की जो भी कोटेदार किसी प्रकार की अनियमितताएं करेगा। उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।