संपूर्णानगर। मुरारखेड़ा के ग्रामीणों ने कोटेदार पर राशन कम देने और घटतौली का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मानें तो कोटेदार 35 किलो राशन की बजाय तीस किलो ही राशन दे रहा है। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने पुलिस व एसडीएम को की। जिसके बाद गांव पहुंचे पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार को फटकार लगाते हुए राशन पूरा कराकर ग्रामीणों में वितरित कराया।
बता दें कोरोना को लेकर शासन ने एक अप्रैल से कोटेदारों को राशन का वितरण करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किलो निशुल्क राशन देने का निर्देश दिया गया था। बृहस्पतिवार को मुरारखेड़ा कोटेदार पर घटतौली का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। राशन उपभोक्ता काशी, सुरेंद्र, कदमी, गीता, मालती, बचिया देवी, स्वामीनाथ, धर्मेंद्र गुप्ता, अनिल समेत एक दर्जन उपभोक्ताओं ने कोटेदार पर 35 किलो राशन देने के बजाय तीस किलो राशन का वितरण करने का आरोप लगाया। बताया कि 20 किलो गेहूं और 15 किलो चावल दिया जा रहा है जिसमें तौल कराने पर पांच किलो का अंतर आ रहा है। ग्रामीणों ने एसडीएम व पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पूर्ति निरीक्षक आनंद कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। ग्रामीणों को तौल कर दिए गए राशन को चेक किया तो पांच किलो का अंतर निकला। इसपर पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार को जमकर फटकार लगाई, साथ ही राशन पूरा करके देने के निर्देश दिए। जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
मुरारखेड़ा गांव के ग्रामीणों ने कोटेदार पर राशन घटतौली का आरोप लगाकर विरोध कर रहे थे। एसडीएम के निर्देश पर वह मौके पर गए और कोटेदार को कड़ी चेतावनी देते हुए कार्डधारकों को निर्धारित राशन दिलवाया। कोटेदार को हिदायत दे दी है कि दोबारा शिकायत मिलने पर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
आनंद कुमार सिंह, पूर्ति निरीक्षक