मोहम्मदी। सफाई कर्मचारियों और सभासद का विवाद मंगलवार को भी नहीं सुलझ सका। इसके चलते नगर की सड़कों पर गंदगी के ढेर लग गए हैं।
मालूम हो कि सफाई के दौरान सोमवार को पालिका सदस्य के बेटे पर सैनिटाइजर गिर जाने पर पालिका सदस्य और सफाईकर्मी के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि उस दौरान एक सफाईकर्मी को सभासद ने पत्थर मार कर जख्मी कर दिया था। जिस पर सफाईकर्मियों ने रोष जताते हुए सोमवार दोपहर से काम बंद कर दिया था। कर्मचारियों का कहना था कि उनकी रिपोर्ट दर्ज की जाए अन्यथा वह काम नहीं करेंगे। उधर, पालिका सदस्य रूपा सक्सेना ने पत्थर मारने की घटना को गलत बताया है, उनका कहना है कि सफाई कर्मचारी ने उसके बच्चे पर सैनिटाइजर डाला था जिसका उन्होंने विरोध किया था। बहरहाल पालिका के ओएसडी शिवनंदन रस्तोगी का कहना है कि मामला संवेदनशील है। दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। देर रात तक मामला सुलझा लिया जाएगा।