निघासन। ब्लॉक सभागार में बीडीसी सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में छह माह से ग्राम निधि के खाते चालू न होने का मुद्दा छाया रहा। सांसद अजय मिश्र टेनी ने प्रधानों के खाते शीघ्र ही चालू कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में बीडीसी संघ उपाध्यक्ष असीयुद्दीन ने क्षेत्र पंचायत से विकास कार्य न होने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि संपर्क मार्गों पर मिट्टी आदि की पटाई न होने के कारण कीचड़ आदि हो रहा है। प्रधान संघ अध्यक्ष केडी वर्मा ने कहा कि अगस्त माह में ग्राम निधि के खातों पर रोक लगाई गई थी। उसके बाद से खाते चालू नहीं हो सके। अधिकारियों ने तकनीकी कमी बताकर दोबारा ग्राम प्रधानों से खाते खुलवाने का फरमान जारी किया था। ग्राम प्रधानों ने बैंक में ग्राम निधि के दूसरे खाते भी खुलवाया लिया, लेकिन उसके बाद भी ग्राम निधि के खाते चालू नहीं हुए। ग्राम निधि के खातों में विकास के लिए पैसा आया है, लेकिन खाते खाता संचालित न होने पर कार्य नहीं हो पा रहा है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद अजय मिश्र टेनी ने कहा कि खाते शीघ्र ही चालू कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की ओर अग्रसर है। कस्बे में सौ बेड का अस्पताल, कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना, कस्बे को नगर पंचायत का दर्जा दिलाकर खीरी जिले को एक नई गति प्रदान की है। इस दौरान बीडीओ आलोक वर्मा, अरविंद सिंह संजय, नागेंद्र सिंह सेंगर, प्रधान, पंचायत सेक्रेटरी के अलावा पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य, शिक्षा आदि विभाग के कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवप्रकाश दूबे ने किया।