बरेली में खुलासे के बाद एफएसडीए टीम अलर्ट, फैलाया जाल
लखीमपुर खीरी। नेपाली तेल की बिक्री लखीमपुर खीरी में भी होने की आहट है। हालांकि अब तक इसका कोई मामला सामने नहीं आया है। सूत्रों की माने तो इसकी खपत शहर से लेकर नेपाल बॉर्डर के कुछ कसबों और गांवों में की जा रही है। जिले में एफएसडीए टीम भी अलर्ट हो गई है, उसने अपना जाल फैला दिया है।
बरेली में एफएसडीएम की टीम ने बृहस्पतिवार को बरेली के श्यामंगज में छापा मारकर सैकड़ों पीपा तेल बरामद किया था। इन नेपाली तेल के पीपों पर कई ब्रांड के स्टीकर चस्पा थे। बरेली के बाद शाहजहांपुर के पुवायां में नेपाली तेल की सूचना पर एफएसडीएम की टीम कुछ दुकानों पर गई थी, लेकिन खाली हाथ लौट आई थी। सूत्रों का कहना है कि नेपाली तेल का कारोबार लखीमपुर खीरी में काफी समय से फलफूल रहा है। इसकी खपत शहर से लेकर नेपाल बार्डर तक के कुछ कसबों और गांवों में की जाती है। धंधे से जुड़े लोग कसबों व सीमावर्ती गांवों में स्थित दुकानों पर इस तेल की सप्लाई करते हैं। इसकी वजह यह है कि खासतौर पर गांवों में खाद्य विभाग की टीमें नहीं पहुंच पाती हैं। इससे दुकानदार भी बेखौफ रहते हैं। सूत्र बताते हैं कि अधिकतर दुकानदार नेपाली तेल को फुटकर में बिक्री करते हैं, जिससे लोग इस तेल को भांप नहीं पाते। नेपाली तेल की बिक्री जिले में होने की आहट मिलने पर एफएसडीए की टीम अलर्ट हो गई है। तेल को बरामद करने के लिए टीम ने अपना जाल बिछाना शुरू कर दिया है।
नेपाली तेल बेचे जाने का अब तक कोई मामला सामने नहीं आया है। पहले छापा मारकर अवैध तरीके से मिलावटी सरसों तेल बेचे जाने के मामलों में कार्रवाई हुई है। नेपाली तेल की बावत जांच कराई जाएगी।
-कौशलेंद्र शर्मा, अभिहित अधिकारी एफएसडीएम, लखीमपुर खीरी