गंदगी डाले जाने से प्लॉट बना था डलावघर
गंदगी के कारण आस पास के लोग थे परेशान
लखीमपुर खीरी। मोहल्ला राजगढ़ में सदर विधायक के आवास वाली गली के सामने वाले प्लॉट के डलावघर बनने और नाले के चोक होने की खबर शनिवार को ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित होने के बाद पालिका प्रशासन में अफरातफरी मच गई। अधिशाषी अधिकारी ने शनिवार को सफाई कर्मियों की टीम भेजकर प्लॉट और नाले की विधिवत सफाई कराई।
शनिवार को मोहल्ला राजगढ़ पहुंची ‘अमर उजाला’ की टीम को वहां पर गंदगी मिली। नाले नालियां जहां चोक मिले, तो वहीं सदर विधायक के घर की गली के सामने वाला प्लॉट कूड़े से पटा मिला। आसपास रहने वालों ने बताया कि डस्टबिन न रखे होने के कारण मोहल्ले के लोग और सफाई कर्मचारी भी झाड़ू लगाने के बाद कूड़ा इसी जगह पर डाल देते हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण की टीम भी शहर और मोहल्ले में आई। मगर, फिर भी प्लॉट की सफाई नहीं हुई। मोहल्लेवासियों ने बताया कि यदि पालिका यहां पर डस्टबिन रखवा दे तो प्लॉट में गंदगी पड़नी बंद हो जाए। वहीं पालिका सदस्य मनीषा माथुर का कहना था कि नगर पालिका उनके मोहल्ले के साथ सौतेला व्यवहार अपना रही हैै। इसलिए न तो नाले का निर्माण कराया गया और न ही तली झाड़ सफाई। इसलिए नाला चोक हो गया।