सीओ और प्रभारी निरीक्षक से वार्ता के बाद शांत हुए
लखीमपुर खीरी। किराया निर्धारण की मांग को लेकर तमाम ई-रिक्शा व ऑटो चालक पुराने एसपी बंगले में एकत्र हुए। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी व प्रभारी निरीक्षक ने उन्हें समझाया और नगरपालिका में बैठक कर किराया निर्धारण कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद चालक शांत हुए।
शहर के ई-रिक्शा चालकों ने अचानक किराये में दो गुना बढ़ोतरी कर दी है। इस मामले में एआरटीओ ने शुक्रवार को बैठक की थी और दूरी के हिसाब से ई-रिक्शा का किराया व रूट निर्धारण कराने के निर्देश दिए थे। शनिवार को तमाम चालक पुराने एसपी बंगले पर एकत्र हुए और रूट व किराया निर्धारण की मांग करने लगे। सूचना पर सीओ सिटी विजय आनंद, प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्रा और टीएसआई सूर्यमणि यादव मौके पर पहुंचे। अफसरों ने पहली फरवरी को नगरपालिका में बैठक कर किराया व रूट निर्धारण कराने का आश्वासन दिया। इस पर चालक शांत हुए। इस दौरान ओमप्रकाश, रमेश चंद्र, सुरेश कुमार, रघुराज, उमाशंकर कश्यप, आदित्य नाथ आदि चालक मौजूद रहे।