ग्रामीणों ने खराब गुणवत्ता का लगाया था आरोप, डीएम ने करवाई जांच
लखीमपुर खीरी। ईसानगर क्षेत्र में सिसैया-ईसानगर मार्ग पर निर्माणाधीन सीसी रोड की खराब गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने जांच की। डीडीओ अरविंद कुमार की अगुआई में चार अधिकारियों की टीम ने मौके पर जांच कर गड़बड़ी पाई जिसके बाद डीएम ने कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एक्सईएन को कारण बताओ का नोटिस जारी किया है।
सिसैया-ईसानगर मार्ग पर पुराने गन्ना क्रय केंद्र तिराहे से बाजार होते हुए थाने के सामने शिवपुर-बीरसिंघपुर मार्ग तक करीब 1100 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है, जिस पर एक करोड़ 34 लाख नौ हजार की लागत आएगी। रोड के दोनों किनारों पर नाले का भी निर्माण कराया जाना है। आरईडी के जेई विक्रम सिंह यादव की देख-रेख में सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माणाधीन रोड में बैंक के सामने सीसी रोड की गुणवत्ता खराब होने पर करीब एक माह पहले ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए सीसी रोड के निर्माण में घटिया सामग्री लगाकर धांधली किए जाने का आरोप लगाया था। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने डीडीओ अरविंद कुमार की अगुआई में डीएसटीओ राजेश सिंह, एई डीआरडीए आरसी गुप्ता और पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड ए के एई चंद्रशेखर सिंह की टीम से जांच कराई। अधिकारियों ने दो बार मौके पर जाकर स्थलीय जांच की, जिसमें बैंक के सामने सीसी रोड की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं मिली और लेयर की मोटाई मानक से कम मिली। इसके अलावा रोड निर्माण में प्रयोग किए गए मसाले में सीमेंट-मौरंग की मात्रा कम मिली। आरोपों की पुष्टि होने पर डीएम ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एक्सईएन अशोक कुमार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
त्वरित आर्थिक विकास योजना के मद से सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। अभी रोड बनी है और आगे नाले का निर्माण कराया जाना है। मानक के अनुरूप रोड निर्माण कार्य न कराए जाने की शिकायत हुई थी। डीएम द्वारा गठित टीम की जांच में कमियां पाई गई, जिसके लिए एक्सईएन से जवाब भी मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद डीएम के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-राजेश कुमार सिंह, डीएसटीओ