निघासन। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर एक समुदाय के लोगों के जुलूस निकालने की भनक लगते ही सोमवार सुबह से ही प्रशासन की मुस्तैदी के चलते जुलूस नहीं निकल सका। इस दौरान एसडीएम और सीओ के अलावा कई थानों की पुलिस और पीएसी भी तैनात रही।
एसडीएम ओपी गुप्ता ने बताया कि रविवार को किसी ने सूचना दी कि कस्बे में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में भारी संख्या में सोमवार को जुलूस निकलेगा। जुलूस की अगुवाई करने वाले एक व्यक्ति को प्रभारी निरीक्षक ने बुलाकर समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। सोमवार सुबह ही स्थानीय चौराहे पर पलिया सीओ राकेश कुमार नायक, तहसीलदार धर्मेंद्र पांडे के अलावा निघासन, सिंगाही, तिकुनियां, पलिया, धौरहरा, ईशानगर, फूलबेहड़ समेत कई थानों की पुलिस के अलावा पीएसी भी आ गई। एसडीएम और सीओ की अगुवाई में संदिग्ध गांवों में जाकर रूट मार्च कर वहां पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। उसके बाद कस्बे में भी आकर रूट मार्च करते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई। सीओ राकेश कुमार नायक ने बताया कि मामला अब पूर्ण रूप से शांत है। किसी प्रकार कोई भी जुलूस नहीं निकाला गया है।