पलियाकलां। भारत-नेपाल सीमा से सटे गौरीफंटा व चंदनचौकी कोतवाली पुलिस ने सतर्कता बरत रही है। पुलिस ने पैदल गश्त के साथ ही गांवों में जाकर ग्रामीणों को जागरुक किया। साथ ही धारा 144 के बारे में ग्रामीणों को जानकारी देते हुए उनसे शांति बरतने की अपील की। दोपहिया व चार पहिया वाहनों को भी चेक किया गया।
बता दें कि नेपाल सीमा होने के कारण इलाके के गौरीफंटा व चंदनचौकी कोतवाली को संवेदनशील माना जाता है। इसी को लेकर लगातार पुलिस सतर्कता बरतती है। इधर नागरिकता संशोधन कानून को लेकर लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बॉर्डर इलाकों में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। सीओ राकेश कुमार नायक के निर्देशों के बाद गौरीफंटा व चंदनचौकी कोतवाली पुलिस ने पैदल गश्त बढ़ा दी है। साथ ही वाहनों की चेकिंग भी की जा रही है। गौरीफंटा कोतवाल रमेश चंद्र ने गांवों में जाकर ग्रामीणों को धारा 144 के बारे में जानकारी दी। बताया कि किसी की भी नागरिकता नहीं छिनेगी, इलाके में अमन चैन कायम रहे इसके लिए सभी लोग शांति व्यवस्था बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें। चंदनचौकी कोतवाल सियाराम ने भी बड़ा चौराहा पर ड्यूटी लगाकर अलर्ट जारी किया। साथ ही आने-जाने वाले दो पहिया व चार पहिया वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा।