फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छावनी में तब्दील शहर, डीएम-एसपी सड़कों पर उतरे

विज्ञापन
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। लखनऊ और संभल में आगजनी, पथराव और फायरिंग की घटना से जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। शुक्रवार को शहर सुबह से ही छावनी में तब्दील कर दिया गया। डीएम-एसपी भी सड़कों पर आ गए और रूट मार्च किया। धर्मगुरुओं और लोगों से मिलकर अमनचैन कायम रखने की अपील की। जुमे की नमाज होने के कारण मस्जिदों पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। शहर में नमाज के बाद मस्जिदों के बाहर शांतिपूर्ण तरीके से मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मुख्य न्यायाधीश को संबोधित ज्ञापन अफसरों को सौंपा और नागरिकता संशोधन कानून का विरोध जताया। पसगवां में लोगों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
विज्ञापन

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ लखनऊ और संभल में हिंसक प्रदर्शन हुआ था। इसको लेकर जिला प्रशासन अलर्ट रहा। आसपास के थानों की पुलिस भी सुबह ही शहर में बुला ली गई। शहर के सभी चौराहों, मार्गों और मस्जिदों के आसपास हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों से लैस भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया। सुबह आठ बजे डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, एसपी पूनम भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर निकले पड़े। हूटर बजाती हुई पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की गाड़ियां शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में दौड़ती रहीं। डीएम-एसपी ने सीओ सिटी विजय आनंद, एसडीएम सदर डॉ. अरुण कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्रा के साथ शहर में पैदल मार्च किया। धर्मगुरुओं से मुलाकात की। लोगों को अफवाहों से दूर रहने का संदेश दिया। सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। ग्रामीणों क्षेत्रों में भी पुलिस कस्बों से लेकर संवेदनशील गांवों में घूमती रही। नमाज के बाद मोहल्ला थरवरनगंज स्थित जामा मस्जिद पर पेश इमाम मोहम्मद इशहाक ने सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की और मुख्य न्यायाधीश को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम सदर डॉ. अरुण कुमार सिंह को सौंपकर नागरिकता संशोधन एक्ट का विरोध जताया। पसगवां में नमाज के बाद लोगों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। जिले में कहीं से कोई अप्रिय वारदात की सूचना न आने से जिला प्रशासन ने राहत महसूस की।
लखीमपुर में इंटरनेट सेवा प्रभावित, परेशान रहे लोग
लखनऊ में बृहस्पतिवार को हुई हिंसा के बाद रात से लखीमपुर खीरी में इंटरनेट सेवा प्रभावित रही। कई क्षेत्रों में बीएसएनएल सहित निजी प्रदाता कंपनियों की इंटरनेट सेवा रुक-रुक कर चली। स्पीड भी काफी कम रही। इससे लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

प्रदेश में कई जगह घटनाएं होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हालात की समीक्षा की। साथ ही कानून व्यवस्था बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए सीएम की वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई। सुबह जब लोग सोकर उठे और मोबाइल के नेट खोले तो बीएसएनएल सहित निजी प्रदाता कंपनियों की इंटरनेट सेवा बंद मिली। मेसेज आने लगे कि सरकार के निर्देश के अनुसार आपके क्षेत्र में इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। इससे लोक आशंकित हुए और एक-दूसरे को मोबाइल पर कॉल कर शहर का हाल जानने लगे। साथ ही मोबाइल इंटरनेट बंद होने की जानकारी देने लगे। कुछ कंपनियां की सेवाएं चल रही थी, लेकिन इंटरनेट की गति काफी धीमी थी। इंटरनेट सेवा प्रभावित होने से बैंकिंग सेवा, दफ्तरों के साथ मोबाइल उपभोक्ताओं को भी काफी दिक्कत हुईं। गोला, निघासन, मोहम्मदी, धौरहरा आदि स्थानों पर भी इंटरनेट सेवा बाधित रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें