गोला गोकर्णनाथ। शुक्रवार दोपहर को आसमान में उड़ता ग्लाइडर नगर वासियों के लिए कौतूहल का विषय बन गया। जानकारी होने पर पुलिस ने युवक को ग्लाइडर समेत नीचे उतरवाकर हिदायत दी।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रविप्रकाश वर्मा की पुत्री डॉ. पूर्वी की शादी के बाद हुए रिसेप्शन में आए एक रिश्तेदार ने दोपहर को ग्लाइडर से आसमान में उड़ान भर दी। चौराहा के इर्दगिर्द आसमान में करतब करते युवक को देख लोग चर्चा करने लगे। आसमान में उड़ता ग्लाइडर लोगों के लिए किसी कौतूहल से कम न था। जानकारी होने पर सीओ आरके वर्मा, प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी ने युवक का पता लगाकर उसे नीचे उतरवाया और हिदायत दी कि वह बिना परमीशन इस तरह ग्लाइडर न उड़ाए। प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि युवक देहरादून निवासी हर्ष वर्मा सांसद रविप्रकाश वर्मा का भांजा बताया जा रहा है। उसके पास पायलट का लाइसेंस है। उसे इस तरह बिना अनुमति ग्लाइडर न उड़ाने की हिदायत दी गई है। संवाद