लखीमपुर खीरी। बिजनौर के सीजेएम कोर्ट में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर की गई कुख्यात बदमाश की हत्या को देखते हुए बुधवार को सीओ सिटी ने फोर्स के साथ कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कचहरी परिसर में घूम रहे संदिग्धों की तलाशी ली। निरीक्षण के दौरान कचहरी गेटों पर लगे सिक्योरिटी डिफेंस सिस्टम खराब मिले। कई जगहों पर सुरक्षाकर्मी अपने ड्यूटी प्वाइंट के बजाय इधर-उधर मिले। सीओ सिटी ने सभी को कड़ी फटकार लगाई। मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने की हिदायत दी।
मंगलवार को बिजनौर के सीजेएम कोर्ट में कुछ हमलावरों ने कुख्यात बदमाश शाहनवाज की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। बीच दोपहरी हुई इस वारदात को देखते हुए बुधवार को सीओ सिटी विजय आनंद, प्रभारी निरीक्षक सदर अजय प्रकाश मिश्रा भारी पुलिस फोर्स के साथ कचहरी पहुंचे। उन्होंने सभी गेटों पर सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी चेक कीं। गेट नंबर तीन पर दो सिपाही प्वाइंट के बजाय कुछ दूरी पर बातों में मशगूल मिले। अफसरों ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई। आने-जाने वालों पर सतर्क नजर रखने और प्वाइंट पर ही मुस्तैदी से रहने के निर्देश दिए। कचहरी में सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए सिक्योरिटी डिफेंस सिस्टम खराब मिले। कचहरी कंट्रोल रूम में ताला पड़ा मिला। चेकिंग के दौरान संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई। अदालत के बाहर बैठे लोगों की तलाशी लेकर उनसे पूछताछ की। पुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया।
कचहरी गेटोें पर लगे सिक्योरिटी डिफेंस सिस्टम बंद मिले हैं। जिसे ठीक कराया जाएगा। बाकी सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद मिली है। एक-दो सिपाही ड्यूटी प्वाइंट से कुछ दूर मिले थे। उन्हें हिदायत दी गई है।
-विजय आनंद, सीओ सिटी