निघासन। गुलरिया चीनी मिल के रानीगंज गन्ना क्रय केंद्र पर एक किसान की ट्रॉली में 1.85 क्विंटल गन्ना कम होने पर नाराज किसानों ने हंगामा करते हुए हुए तौल बंद करा दी। मौके पर पहुंचे जोनल इंचार्ज जेके शाही को भी ग्रामीणों ने खरी खोटी सुनाई। काफी देर तक समझाने के बाद कांटा फिटर को बुलाकर कांटे में कमी बताकर सही करवाया। दो घंटे बाद दोबारा तौल चालू हुई।
लुधौरी निवासी लखविंदर सिंह पर मां चरनजीत कौर के नाम से बने गन्ना सट्टे की एक ट्रॉली की पर्ची आई थी। वह खेत से गन्ना भरकर लुधौरी स्थित धर्मकांटा पर तौल कराकर गुलरिया चीनी मिल के रानीगंज गन्ना क्रय केंद्र पर लेकर गया। वहां पर तौल कराने के दौरान उसका गन्ना 1.85 क्विंटल कम निकला। आरोप है कि जब गन्ना कम होने की बात उसने वहां मौजूद तौल लिपिक से की तो उसने अभद्रता करते हुए गन्ना ले जाने को कहा। काफी देर तक बवाल होने के बाद वहां मौजूद किसान लामबंद हो गए और हंगामा करते हुए तौल बंद करा दी। सूचना पर गुलरिया चीनी मिल के जोनल इंचार्ज जेके शाही मौके पर पहुंचे। किसानों ने उनको भी जमकर खरी खोटी सुनाई। काफी देर तक किसानों को शांत करने के बाद कांटा फिटर को बुलाया गया। कांटा फिटर ने कांटे में कमी बताते हुए उसे सही किया। कांटा सही होने के बाद किसानों ने दोबारा तौल चालू कराई। उधर, जोनल इंचार्ज ने बताया कि अधिक वजन की ट्रॉली कांटे पर चढ़ाने के कारण दिक्कत आई थी, जिसे सही करा दिया गया है।
घटतौली की मिली शिकायत के बाद लिपिक को किया कार्यमुक्त
संपूर्णानगर। किसान सहकारी चीनी मिल के गदनियां क्रय केंद्र पर तैनात तौल लिपिक की किसानों ने गड़बड़ी करने की शिकायत की। जांच पड़ताल में आरोप सही पाए जाने पर मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से संविदा पर तैनात लिपिक राजेश पांडे को पद से कार्यमुक्त कर दिया है। उन्होंने बताया कि संविदा लिपिक पर नियमानुसार कार्य न करने एवं प्रतिदिन तौल डाक उपलब्ध न कराने के चलते कार्रवाई की गई है और उन्हें कार्य से कार्यमुक्त कर दिया गया है। संवाद