लखीमपुर खीरी। जिले में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 179 रिक्रूट सोमवार को सिपाही बन गए। पुलिस लाइन में हुए दीक्षांत समारोह में जवान परेड में शामिल हुए। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने मान प्रणाम लिया और शपथ दिलाई।
पुलिस लाइन में जवानों की पासिंग आउट परेड (दीक्षांत समारोह) हुआ। मुख्य अतिथि डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने मान प्रणाम लेते हुए जवानों को कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाई। इससे पूर्व उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि समाज की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की है। अनुशासन में रहकर कर्तव्य निष्ठा से काम कर सभी को समाज की सेवा करनी है। एसपी पूनम ने भी समारोह को संबोधित किया। इस मौके पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कृत किया गया। परेड पूरी करने के बाद जवान खुशी से उछल पड़े। परेड में शामिल होने आए अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर खुशी का इजहार किया। उनके साथ सेल्फी ली। इस मौके पर एएसपी शैलेंद्र लाल, सीओ सिटी विजय आनंद, सदर कोतवाल अजयप्रकाश मिश्र, एसओ खीरी सुनील कुमार सिंह आदि थे।
अंत: कक्षीय विषयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जवान आकाश यादव, अभिषेक कुमार सिंह, नवीन सिंह चौहान, विश्राम गुप्ता, सूरजबली, विपिन कुमार नायक, शिवम कुमार, देश दीपक, वाह्य कक्षीय विषयों में अनूप कुमार यादव, अंकुज कुमार, दशरथ सिंह, योगेश कुमार सिंह, रविशंकर, शिवकरन गौतमन, रविशंकर (द्वितीय) प्रभुसरन यादव, राहुल पटेल, रितिक पटेल को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा साक्षात्कार विजेता अंकुज कुमार पहले स्थान पर रहे। सर्वोत्तम पुरस्कार शिवकरन गौतम को मिला। परेड कमांडर प्रथम प्रभुसरन यादव, द्वितीय अमित कुमार यादव और तृतीय धीरेंद्र प्रताप को शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया। उत्कृष्ट एसआई (अध्यापक) सीताराम, उत्कृष्ट आरक्षी आईटीआई सुशील कुमार मिश्रा और उत्कृष्ट पीटीआई आरक्षी नीरज कुमार घोषित हुए। सभी को शील्ड देकर डीएम-एसपी ने पुरस्कृत किया।
जिले को मिले 450 सिपाही, आज हो सकती है तैनाती
पासिंग आउट परेड होने के बाद 179 जवान यूपी पुलिस के बेड़े में शामिल हो गए। इन जवानों को दूसरे जिलों में भेजा जाएगा, जबकि मुरादाबाद से परेड पूरी कर निकले 392 पुरुष आरक्षी व 99 महिला आरक्षियों के मंगलवार को लखीमपुर पहुंचने की संभावना है। एसपी पूनम ने बताया कि बाहर से आने वाले जवानों के आने पर उन्हें संबंधित थानों पर आवश्यकतानुसार तैनात किया जाएगा।