गोला गोकर्णनाथ। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिला प्रभारी अंजनी कुमार दीक्षित के नेतृत्व में किसान नेताओं ने कोतवाली में ज्ञापन देकर पत्ती जलाने को लेकर किसानों का उत्पीड़न बंद हो या उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।
कोतवाली में इंस्पेक्टर डीपी तिवारी की अनुपस्थित होने के कारण नगर चौकी इंचार्ज लल्ला गोस्वामी को सौंपे ज्ञापन में किसान नेताओं ने कहा है कि आर्थिक तंगी से किसान टूट चुका है। बकाया गन्ना भुगतान न होने से किसानों के खेती के कार्य बंद होने की स्थिति में हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना चीनी मिल मालिक कर रहे हैं। 14 दिन के अंदर गन्ना भुगतान होना चाहिए समय अधिक लगने पर 15 प्रतिशत ब्याज सहित भुगतान करने का आदेश दिया था। पुलिस और प्रशासन चीनी मिल मालिकों पर तो कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहा उल्टे किसानों को पराली और गन्ने की पत्ती जलाने के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है। मुकदमे दर्ज हो रहे हैं और जुर्माना वसूला जा रहा है जिससे किसान काफी परेशान है। किसान नेताओं ने मांग की कि तीन वर्षों से गन्ने पर एक भी पैसा नहीं बढ़ाया गया है गन्ने का रेट डेढ़ गुना घोषित किया जाना चाहिए। सुनवाई न हुई तो किसान जेल भरो आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर श्रवणकुमार यादव, बालगोविंद, कलामुद्दीन, राकेश सिंह, देवलाल, रोशन कुमार, दिनेश कुमार, नत्थू लाल आदि मौजूद रहे।