ममरी। पुलिस चौकी मूड़ा निजाम क्षेत्र के सुंदरपुर गांव की आबादी के समीप झाड़ियों में छह दिनों से बाघ डेरा जमाए है। जिससे ग्रामीणों में दहशत है।
सुंदरपुर प्रधान प्रतिनिधि रामकुमार वर्मा, हंसराम, सोनू, राम अवतार, कृष्ण कुमार, रंजीत, संजय वर्मा आदि लोगों का कहना है कि झाड़ियों में छिपा बाघ रविवार की रात भी दहाड़ता रहा। यहां से आबादी की दूरी मात्र 100 मीटर है। गांव वालों का कहना है कि झाड़ी के आसपास खेतों में बाघ के पगचिह्न भी मिल रहे हैं।
आरोप है कि शनिवार सवेरे फॉरेस्टर रामप्रसाद एक वन कर्मी के साथ आए थे जिन्होंने रविवार और सोमवार को कांबिंग कराने को कहा था लेकिन कोई वनकर्मी या एसटीपीएफ जवान वहां सूरत दिखाने भी नहीं पहुंचा। हालत यह है कि उन्हें रात जागकर आग जलाकर बितानी पड़ रही है गन्ने की छिलाई ठप है। बच्चे स्कूल जाने से कतरा रहे हैं, कहते हैं कि वहां बाघ आ जाएगा। उधर फॉरेस्टर राम प्रसाद का कहना है कि रविवार को एसटीपीएफ जवानों संग कांबिंग कराई जानी थी लेकिन जरूरी कार्यवश टीम वहां नहीं पहुंच सकी, बताया मंगलवार को कांबिंग कराई जाएगी। संवाद