लखीमपुर खीरी। अलग-अलग घटनाओं में सांड़ के हमले में दो लोग जख्मी हो गए।
गोला गोकर्णनाथ। बिझौली निवासी किसान योगेंद्र सिंह (29) ने बताया कि वह शुक्रवार की दोपहर अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी अचानक पीछे से आए एक सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद परिजन ने किसान को उसके चंगुल से मुक्त कराया। ग्रामीण विपिन सिंह, बलराम सिंह, चंदन सिंह ने बताया कि गांव में हर समय लावारिस पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है, जो फसल तो बरबाद करते हैं साथ ही हमला भी कर देते हैं। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से लावारिस पशुओं को पकड़वाने की मांग की है।
गुलरिया। भीरा थाना क्षेत्र के ग्राम राधनपुरवा निवासी श्रीपाल (70) शनिवार शाम को खेत से घर आ रहे थे। जब गांव के पास पहुंचे तो सांड़ ने उन्हें उठाकर पटक दिया। सूचना पर श्रीपाल का पुत्र मुन्नालाल कई लोगों के साथ लाठी लेकर पहुंचा, उसने और ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर सांड़ को भगाकर श्रीपाल को एंबुलेंस से बिजुआ अस्पताल पहुंचाया। श्रीपाल के सीने और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। संवाद