लखीमपुर खीरी। खाद्य एवं रसद विभाग के क्षेत्रीय विपणन अधिकारी (आरएमओ) प्रभाकांत द्विवेदी ने गुरुवार को राजापुर मंडी में क्रय केंद्रों की जांच की, तो क्रय केंद्रों पर खरीद कम मिली। इस पर उन्होंने केंद्र प्रभारी केके पाठक, सोनम सिंह, अमिता कुमारी को खरीद तेज करने के निर्देश दिए और साथ ही खरीद कम होने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी भी दी है।
दोपहर करीब 12 बजे आरएमओ प्रभाकांत द्विवेदी पहले राजापुर मंडी में क्रय केंद्रों की जांच करने पहुंचे। मंडी में आढ़तियों के यहां काफी आवक देखी, जबकि क्रय केंद्रों पर सन्नाटा था। इस पर उन्होंने खरीद न होने का कारण पूछा, तो केंद्र प्रभारियों ने पड़ोसी जिले बहराइच और सीतापुर का धान आने की जानकारी आरएमओ को दी। हालांकि केंद्र प्रभारियों के तर्क से आरएमओ संतुष्ट नहीं दिखे। उन्होंने किसानों से धान खरीद बढ़ाने के लिए कहा। इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी लालमणि पांडेय और मंडी सचिव रामबाबू शर्मा भी मौजूद रहे। इसके बाद आरएमओ गोला मंडी में क्रय केंद्रों की जांच करने पहुंचे, जहां पर तीन केंद्र काफी अंदर मिले। इन केंद्रों को मंडी गेट पर लाने के निर्देश पूर्व में आए आरएफएसी ने दिए थे, लेकिन काफी दिनों बाद भी मंडी सचिव ने क्रय केंद्रों को गेट पर शिफ्ट नहीं कराया। इस पर आरएमओ भड़क गए और मंडी सचिव के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट शासन को भेजने की बात कही है। गोला मंडी में सात क्रय केंद्र खोले गए हैं, जिन पर धान खरीद कम ही मिली।