लखीमपुर खीरी। विद्युत कर्मचारी संयुक्त समिति के आह्वान पर बिजली कर्मचारियों ने पीएफ समेत कई समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर दूसरे दिन भी धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पीएफ की जिम्मेदारी सरकार को लेने की मांग उठाई। कर्मचारियों के प्रदर्शन के चलते दफ्तरों में कामकाज ठप रहा। उपभोक्ताओं के काम नहीं हो सके। बिजली बिल जमा नहीं हो सके।
अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने तीन प्रमुख मांगे उठाईं, जिसमें सरकार द्वारा गजट नोटिफिकेशन जारी कर पीएफ के पैसे की गारंटी लेने की मांग रखी है। पूरे मामले की जांच पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा से हटाकर सीबीआई को देनेे की मांग रखी है, क्योंकि वरिष्ठ आईएएस भी इस कांड में संलिप्त हैं, जिन्हें अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। जिलाध्यक्ष मुनेंद्र मिश्र ने कहा कि यदि जांच सीबीआई को नहीं गई, तो इस मामले में लीपापोती कर दी जाएगी। मुख्य आरोपी कारपोरेशन के अध्यक्ष रहे आलोक कुमार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी होने के साथ आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं। इसी कारण अब तक उन्हें केवल सीट से हटाया गया है, उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। कर्मचारियों ने कहा कि उनका जो भविष्य निधि का पैसा है उसे वापस दिलाने और यह भी सुनिश्चित करने के लिए की कभी भी भविष्य में किसी भी कर्मचारी का पैसा नहीं फंसेगा। इसकी भी व्यवस्था सरकार करे, जिससे हमारा परिवार और हमारा बुढ़ापे का सहारा हमारी भविष्य निधि सुरक्षित रहे। कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि यदि हमारी मांगे नहीं मानी गईं, तो केंद्रीय कमेटी की रणनीति के हिसाब से आंदोलन किया जाएगा। मोहम्मदी, गोला, निघासन में भी कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कार्य बहिष्कार का नेतृत्व अधिशासी अभियंता निघासन विक्रम गंगवार ने किया। इस मौके पर कमलेश, सहायक अभियंता विक्की गौर, उग्रसेन गौतम, मनोज कुसमरिया, अभिषेक गुप्ता, पिंकी, रानी, लवकुश मिश्र, प्रेम चंद, नैराग गुप्ता, अंशु गौर, रामगोपाल, शेखर भारती, संदीप कुमार, रत्नाकर रस्तोगी, महेंद्र सिंह ने प्रतिभाग किया।
आज से अवर अभियंता चार दिवसीय हड़ताल पर
लखीमपुर खीरी। बिजली विभाग में हड़ताल का दौर थम नहीं रहा। अब राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के आह्वान पर समस्त अवर अभियंता चार दिवसीय हड़ताल पर जा रहे हैं, जिससे 20 नवंबर से 23 नवंबर 2019 तक अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे। यह जानकारी संगठन के जिलाध्यक्ष अमित भारद्वाज ने दी और बताया है कि जब तक सरकार पीएफ गबन की भेंट चढ़े कर्मियों के रुपये वापस लौटाने की गारंटी नहीं लेती, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
पलियाकलां। पीएफ घोटाले के विरोध में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में पलिया पावर कॉरपोरेशन के कर्मचारी दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे।
विद्युत कर्मचारी संघर्ष समिति के बैनर तले कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान एसडीओ सूर्य कुमार, जेई विद्यासागर, विजय प्रताप, जगतपाल, नागेंद्र समेत काफी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
पलिया विद्युत विभाग के जेई ग्रामीण विद्यासागर ने बताया कि जेई उमेश कुमार, नागेन्द्र कुमार, विजय प्रताप आदि उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के बैनर तले बुधवार को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे।