लखीमपुर खीरी। तीन ग्राम पंचायत अधिकारियों को डीपीआरओ ने निलंबित कर दिया है। गंभीर आरोपों के चलते यह कार्रवाई की गई है। इनमें से एक कुंभी ब्लॉक में, जबकि दो बेहजम ब्लॉक में तैनात थे। एक को संभल में अपात्रों को पीएम आवास योजना का लाभ देने पर निलंबित किया गया।
कुंभी ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी अमरदीप पर साप्ताहिक समीक्षा बैठकों से अनुपस्थित रहने, ग्राम पंचायत सरैया विलियम में जांच के समय गायब रहने, प्रिया सॉफ्ट फीडिंग पूरी न करने, ग्राम पंचायत का चार्ज संबंधित पंचायत अधिकारी को न देने आदि आरोपों में कार्रवाई हुई है। इस मामले की जांच एडीपीआरो को सौंपी गई है।
बेहजम ब्लॉक के ग्राम पंचायत अधिकारी जितेंद्र कुमार चौधरी एक सितंबर 2018 से बिना सूचना के लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं। 25 अक्तूबर 2019 को डीपीआरओ अजय कुमार श्रीवास्तव ने कारण बताओ नोटिस जारी करके घर के पते पर भेजा था। जवाब न मिलने पर डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी जितेंद्र को निलंबित कर मामले की जांच एडीओ पंचायत बांकेगंज को सौंपी है। बेहजम ब्लॉक के ही ग्राम पंचायत अधिकारी सत्यवीर सिंह को संभल जनपद के ब्लॉक गुन्नौर की ग्राम पंचायत सिरोराकाजी में पांच अपात्रों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने के मामले में दोषी पाए जाने पर उन्हें निलंबित किया गया है। डीपीआरओ ने बताया की संभल के डीएम ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इस मामले की जांच एडीओ पंचायत फूलबेहड़ को सौंपी है।