महेवागंज। ओवरलोड और ओवरहाइट गन्ना भरकर चीनी मिल जा रहा एक ट्रक एलटी लाइन से छू गया, जिससे ट्रक में उतरे करंट से ट्रक का हेल्पर गंभीर रूप से झुलस गया। घर वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के पतरासी गांव निवासी अतीक ने बताया कि उसका भाई सलीम (17) गन्ना ट्रक पर हेल्परी करता है। रविवार को सदर कोतवाली के उमरिया गांव स्थित खंभारखेड़ा चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर एक ट्रक में गन्ना लोड हुआ। सलीम उसी ट्रक में बैठा था। गन्ना लोड कर चालक ने ट्रक आगे बढ़ाया। अगले पहिये में ईंट का टुकड़ा फंस गया। इस पर चालक ने हेल्पर सलीम से ईंट हटाने को कहा। घर वालों ने बताया कि सलीम खिड़की पकड़कर नीचे उतरा तो वह करंट की चपेट में आकर झुलस गया। यह देख चालक के होश उड़ गए। उसने फौरन ट्रक को एचटी लाइन से दूर किया। झुलसे हेल्पर को घर वाले निजी वाहन से लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और उसे भर्ती कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक में ओवर हाइट गन्ना भरे होने से एचटी लाइन का तार छू गया। इससे ट्रक में करंट उतरने से यह हादसा हुआ।