संपूर्णानगर। थाना क्षेत्र के बमनगर के सेमरी चौराहे पर एक धार्मिक स्थल का निर्माण अधूरा पड़ा था जिसको पूर्ण करने के लिए चौराहावासियों ने निर्माण कराने का बीड़ा उठाया। निर्माण के लिए धार्मिक स्थल की पुरानी दीवार तोड़कर नए धार्मिक स्थल के रूप में बनाने का कार्य जैसे ही शुरू हुआ वैसे ही सुमेरनगर निवासी एक व्यक्ति ने एसडीएम व सीओ को शिकायती पत्र देकर दीवार तोड़ने का आरोप लगाया है। इसके बाद तहसीलदार आशीष कुमार सिंह व सीओ राकेश कुमार नायक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कागजात आदि देखे, कहा कि जांच के बाद धार्मिक स्थल का निर्माण शुरू करवाया जाए।
बता दें कि कई वर्षों से सेमरी चौराहे पर अर्धनिर्मित धार्मिक स्थल पड़ा था। धार्मिक स्थल पर रहने वाले वृद्ध की भी काफी साल पहले मौत हो चुकी है उसके बाद से इस धार्मिक स्थल पर किसी ने देखरेख नहीं की। हाल ही में चौराहावासियों ने इस धार्मिक स्थल का जीर्णोद्धार कराने के उद्देश्य से इसकी साफ-सफाई कराकर यहां राम मंदिर के निर्माण का बीड़ा उठाया था। बीते कुछ दिन पूर्व पलिया विधायक रोमी साहनी ने भी पहुंचकर राम मंदिर का भूमि पूजन किया और मंदिर बनाए जाने को लेकर एक लाख रुपये देने की घोषणा की थी। इसके निर्माण करने से पूर्व पुराने धार्मिक स्थल की दीवार तोड़ नए धार्मिक स्थल बनाने का काम शुरू हुआ। जिसके बाद सुमेरनगर निवासी हजारी दास ने एसडीएम व सीओ को शिकायती पत्र देकर चौराहे पर बने धार्मिक स्थल को रविदास स्थल बताते हुए दीवार तोड़ने की शिकायत की। इस पर तहसीलदार आशीष कुमार सिंह व सीओ राकेश कुमार नायक, थाना प्रभारी संदीप कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। चौराहावासियों ने बताया कि धार्मिक स्थल को लेकर संबंधित कागज उनके पास है। इस बाबत सीओ राकेश कुमार नायक ने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा, जो सही है वही किया जाएगा जांच की जा रही है। थाना प्रभारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि धार्मिक स्थल को देखा गया है जानकारी की गई तो सन 1980 के कागजों में यहां रामजानकी मंदिर दर्ज है। जांच के बाद धार्मिक स्थल पर निर्माण की स्वीकृति दी जाएगी।