पलियाकलां। नानपारा से मैलानी जाने वाली छोटी रेल लाइन को हटाने के हाईकोर्ट के आदेश के बाद भारतीय रेल ने इसको बंद करने का आदेश दिया है। इस आदेश का विरोध करते हुए समाजसेवी रवि गुप्ता के नेतृत्व में लोग तहसील पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री समेत सांसद, विधायक, रेल मंत्रालय व अन्य को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। जिसमें रेल लाइन को सुचारु रखे जाने की मांग की गई है।
व्यापारी नेता व समाजसेवी रवि गुप्ता के नेतृत्व में कई समाजसेवी तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने तहसीलदार आशीष कुमार सिंह को प्रधानमंत्री, सांसद, विधायक, डीआरएम रेलवे, मुख्यमंत्री, रेलमंत्री व डीएम को संबोधित अलग-अलग ज्ञापन दिए हैं। जिसमें कहा गया है दुधवा टाइगर रिजर्व से गुजरने वाली मैलानी से नानपारा तक जाने वाली छोटी रेल लाइन की ट्रेनों का एक मुकदमा वन विभाग व रेलवे के बीच चल रहा था जिस पर रेलवे की ओर से पर्याप्त पैरवी न होने के चलते वन विभाग के पक्ष में फैसला चला गया है। जिसके बाद वन विभाग इन ट्रेनों को कभी भी बंद करा सकता है। ज्ञापन में कहा गया है कि न्यायालय में वन विभाग व रेल मंत्रालय को तो सुना गया लेकिन मैलानी से नानपारा तक के बीच रहने वाली लगभग 50-60 लाख आबादी को अनसुना कर दिया गया, उसका परिणाम यह हुआ कि वन विभाग के पक्ष में फैसला सुनाया गया जिससे जनता को नुकसान हो सकता है। जनहित में यात्री ट्रेन को मैलानी से नानपारा के बीच पहले की तरह ही सुचारु रूप से चलाने की मांग की गई है। इस दौरान नितिन, महताब आलम, सुरेश शुक्ला, तनुजा सिंह, बीना गुप्ता, सविता तिवारी, ममता जायसवाल आदि मौजूद रहे।