लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने शहर के एक पैलेस में सदस्यता प्रमाण पत्र वितरण समारोह व नागरिकता संशोधन कानून को लेकर एक गोष्ठी आयोजित की। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि किसी भी हालत में व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी के खिलाफ मेरे पास किसी व्यापारी की कोई शिकायत आई तो उस अधिकारी को दंडित करवाया जाएगा। मोदी व योगी की सरकार में किसी भी व्यापारी को प्रताड़ित नहीं किया जाएगा। व्यापारी भयमुक्त होकर अपना व्यापार करें। नागरिकता संशोधन कानून नागरिकता देने का कानून है। विपक्षी दुष्प्रचार कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। विशिष्ट अतिथि शरद वाजपेई ने कहा कि वह हमेशा व्यापारियों के साथ खड़े हैं। अनुराग मिश्रा ने कहा कि यह कानून मुख्य रूप से पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के लोग जो कि 31 दिसंबर 14 के पहले से भारत में शरणार्थी है जिन्हें किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला है। ऐसे लोगों को भारत में नागरिकता देने का कानून है। सुनील बाथम ने कहा कि व्यापारी हमेशा जनहित में सेवाएं देता है। जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि अभी जीएसटी में बहुत खामियां हैं। कुछ संशोधन की आवश्यकता है। समारोह में एक हजार व्यापारियों को सदस्य प्रमाण पत्र दिए गए। जिला महामंत्री उमेश शुक्ला ने कहा कि सदस्यता अभियान शहर में तीन चरणों में चलेगा। समारोह में राकेश बरनवाल, डॉ. अरुण कुमार सिंह, शिव तोलानी, हुकुम चंद्र अग्रवाल, रोहित गुप्ता, मनमोहन मेहता, प्रदीप जायसवाल आदि व्यापारी थे।