लखीमपुर खीरी। सड़क सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन शनिवार को दोस्ताना क्रिकेट मैच, नुक्कड़ नाटक और बाइक रैली निकाली गई। रैली एलआरपी चौराहा से प्रारंभ होकर शहर के रेलवे स्टेशन, मेला मैदान, पुलिस लाइन, डीएम के आवास रोड से होते हुए सौजन्या चौराहा पर समापन किया गया। रैली में विभिन्न डीलर्स/वाहन एजेंसियों से आए हुए बाइकर्स, पुलिस विभाग की महिला सिपाही एवं परिवहन विभाग के कर्मचारी शामिल हुए।
रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी के लिए बैनर, पोस्टर एवं पंपलेट वितरण कर दो पहिया वाहन पर हेलमेट एवं चार पहिया वाहन पर सीट बेल्ट के प्रयोग के लिए जागरूक किया गया। प्रचार वाहन के माध्यम से स्लोगन गीतों द्वारा भी जनमानस को सड़क सुरक्षा नियमों और दुर्घटना के बचाव के लिए जागरूक किया गया। द्वितीय चरण में दोपहर एक बजे सौजन्या चौराहा पर यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा शिविर लगाकर यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। सीट बेल्ट/हेलमेट, ओवरस्पीडिंग, रेड लाइट जंपिंग, मोबाइल फोन/ईयर फोन का प्रयोग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने के बारे में जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक द्वारा लोगों को जागरूक किया गया गया। तृतीय चरण में जनपद के लालपुर स्थित स्टेडियम में सड़क सुरक्षा जागरूकता संदेश के लिए परिवहन विभाग एवं स्टेडियम के बच्चों के साथ दोस्ताना 16-16 ओवर का क्रिकेट मैच खेला गया। रैली में एआटीओ प्रशासन बीके सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे, सीओ सिटी विजय आनंद, श्रीराम कश्यप, टीएसआई सूर्यमणी यादव शामिल हुए।