पलियाकलां। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ वाल्मीकि ने मंडी का निरीक्षण किया। एसडीएम ने मंडी में तैनात सफाई कर्मचारियों की संख्या छह बताई लेकिन मौके पर दो सफाई कर्मचारी मिले। अध्यक्ष ने उनसे बात की तो वह सही ढंग से जवाब भी नहीं दे सके। जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए व्यवस्था को जल्द से जल्द सुधारने के निर्देश दिए। इस दौरान मंडी आढ़तियों से भी जानकारियां लीं।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ वाल्मीकि यहां पहुंचे थे। यहां उन्होंने लगभग तीन बजकर पंद्रह मिनट पर मंडी का निरीक्षण शुरू किया। निरीक्षण में उन्हें कई खामियां मिलीं, सफाई व्यवस्था भी चाक चौबंद नहीं मिलीं। परिसर में छुट्टा मवेशी भी घूमते हुए दिखे। एसडीएम पूजा यादव से उन्होंने सफाई कर्मचारियों की संख्या पूछी तो यहां पर छह सफाई कर्मचारियों के तैनात होने की बात कही गई। लेकिन मौके पर दो ही सफाई कर्मचारी मिले जिनसे भी कुछ सवाल किए गए तो वह सही जवाब भी नहीं दे सके। इसपर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए पैदल ही सब्जी व फल मंडियों में जाकर व्यवस्थाओं को देखा। एसडीएम से जल्द से जल्द व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए। मंडी आढ़तियों से भी वार्ता की जिस पर मंडी आढ़तियों ने छुट्टा मवेशियों की समस्या उनके सामने रखी। इस पर उन्होंने अधीनस्थों से वार्ता कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। मंडी सचिव के कार्यालय पर जाकर सफाई के बारे में दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, इंस्पेक्टर विद्याशंकर शुक्ला सहित भारी संख्या में लोग व आढ़ती मौजूद रहे।