पलियाकलां। आईजी रेंज एसके भगत रविवार को पलिया कोतवाली पहुंचे। उन्होेंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पलिया से बनगवां होते हुए नेपाल बॉर्डर तक अवैध रूप से माल ढोने वाले वाहनों का संचालन तीन दिन में बंद कराने के सख्त निर्देश दिए। आईजी ने थाना का निरीक्षण कर अभिलेख देखे। आईजी रेंज लखनऊ एसके भगत रविवार को दोपहर में कोतवाली पहुंचे। एसडीएम पूजा यादव और सीओ पलिया प्रदीप कुमार ने बुके देकर स्वागत किया। मीटिंग हाल में अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कोतवाली में डीजीपी से लेकर सभी पुलिस अधिकारियों के फोन नंबर लिखवाकर बोर्ड लगाया जाए। जनता से सभी का सीधा संवाद जरूरी है। इससे जनता को न्याय मिलने में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। पुलिस जनता को न्याय दिलाने में कोताही न बरते। आईजी ने अपराध रजिस्टर समेत अन्य कई अभिलेखों की बारीकी से जांच की। चौकियों व उसमें तैनात स्टाफ की जानकारी ली। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने यहां आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। आईजी ने होने वाली तस्करी, बनगवां तक अवैध रूप से चल रही ट्रांसपोर्टर्स के वाहनों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इसे बंद कराया जाएगा। उन्होंने सीओ से तीन दिन के भीतर नेपाल बॉर्डर तक अवैध रूप से चल रहे माल ढोने वाले वाहनों को बंद कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीओ और एसडीएम के अलावा कोतवाल विद्याशंकर शुक्ला, इंस्पेक्टर क्राइम अनिल यादव आदि रहे।
पुराने असलहे बदलने की कही बात
आईजी रेंज ने बैठक के दौरान सीओ और कोतवाल से कहा कि सभी पुराने असलहों को बदला जाए और इसके लिए उनको जिला मुख्यालय से संपर्क करने के निर्देश उन्होंने दिए हैं।