निघासन। गांव अदलाबाद में भेंड़ लूट मामले में पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद खुलासा करने में जुट गई है। पुलिस ने इस मामले में झंडी के दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि भेंड़ की ढाई लाख रुपये में बिक्री कर दी गई हैं, रुपये बरामद करने की कोशिश की जा रही है।
थाना फूलबेहड़ के तेतारपुर निवासी रामलखन पाल अपने साथियों संग प्रत्येक वर्ष की भांति इस साल भी भेंड़ों को चराने के लिए अदलाबाद प्रधान छोटेलाल यादव के यहां बाड़ा आदि बनाकर रहते थे। गुरुवार रात करीब एक बजे आए बदमाशों ने रामलखन और उसके साथियों को बंधक बनाकर सौ भेंड़ असलहे के बल पर उठा ले गए। पुलिस ने इस मामले में अपनी कमी छिपाने के लिए मामले की रिपोर्ट चोरी में दर्ज कर खुुलासा करने में जुट गई। इस मामले में झंडी चौकी इंचार्ज राहुल सिंह ने दो लोगों को शक के आधार पर पूछताछ के लिए बुलाया। चौकी इंचार्ज के अनुसार मामले में कई अन्य लोग भी शामिल हैं। भेंड़ों को पिकअप में ले जाकर बदमाशों ने करीब ढाई लाख रुपये में बेच दिया। बदमाशों से पुलिस बिक्री का रुपया बरामद करने और उनके अन्य साथियों का पता करने में जुटी है। उधर पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हुई घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पशु पालक अपनी रात्रि में जाग रहे हैं।