लखीमपुर खीरी। बस से उतरते समय अचानक बस आगे बढ़ गई जिससे युवक पहिये के नीचे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है।
थाना सिंगाही के गांव फरदहिया निवासी राजेश ने बताया कि उसकी बहन थाना निघासन के गांव सिसैया में ब्याही है। पिता श्रीराम (40) सोमवार की सुबह बहन के घर पहुंचे। बाइक खड़ी कर बस से लखीमपुर अपनी दवा लेने चले गए। सोमवार की ही शाम को वापस आए थे। रात करीब आठ बजे सिसैया क्रेसर के पास बस से नीचे उतरते समय चालक ने अचानक बस आगे बढ़ा दी, जिससे उसके पिता श्रीराम बस के पहिये के नीचे आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिवार मे कोहराम मच गया। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम कराकर शव घर वालों को सौंप दिया। प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ल ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।