लखीमपुर खीरी। क्रिसमस-डे जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे बाजारों में इसकी तैयारियां जोरशोर से शुरू हो गई हैं। बाजार में दुकानों पर सजावट का सामान सजा दिया गया है।
क्रिसमस ट्री, सेंटा क्लॉज की ड्रेस, रंग-बिरंगी लाइटें और सजावटी वस्तुओं की खरीदारी शुरू हो चुकी हैं। खास तौर पर स्कूली बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है, जो स्कूलों में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों के लिए जमकर खरीदारी कर रहे हैं। शहर के मुख्य बाजार, खीरी रोड सहित गिफ्ट और सजावटी दुकानों पर सेंटा क्लॉज के रेड-व्हाइट सूट, एंजल फ्रॉक, क्रिसमस ट्री, स्टार, माला, घंटियां, लाइटिंग और आकर्षक शोपीस लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं।
घरों के साथ-साथ चर्चों में होने वाले आयोजनों के लिए भी बड़ी मात्रा में सजावट का सामान खरीदा जा रहा है। शहर में स्थित चार प्रमुख चर्चों के लिए भी आयोजकों ने बाजार से सामग्री जुटानी शुरू कर दी हैं।
बाजार में सेंटा क्लॉज के मुखौटे और नकली दाढ़ी बच्चों की पहली पसंद बने हुए हैं, जबकि युवाओं में क्रिसमस थीम वाली कैप, जैकेट और क्रॉस लॉकेट का क्रेज नजर आ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि आने वाले दिनों में खरीदारी और बढ़ेगी।
-
ये हैं क्रिसमस के सामानों के दाम
क्रिसमस सूट : 150 से 500 रुपये तक
झालरें : 30 रुपये में
मुखौटे : 25 से 50 रुपये तक
क्रिसमस ट्री : 60 से 7000 रुपये तक
क्रिसमस स्टार : 30 से 50 रुपये तक
सेंटा का पुतला : 2700 रुपये