सूचना पर भी देरी से पहुंचे थे रेलवे ट्रैक से शव हटाने, बाधित हुआ था रेल यातायात
जंगबहादुरगंज। काम में लापरवाही बरतने पर एसपी ने जंगबहादुरगंज चौकी इंचार्ज साहब लाल को सस्पेंड कर दिया है।
28 नवंबर को जंगबहादुरगंज में चोर चार दुकानों के शटर तोड़कर सामान ले गए थे। इस मामले में एसएचओ ने दो दिसंबर को चौकी में तैनात दो सिपाहियों को कोतवाली से संबद्ध कर दिया था। इसके अलावा रोजा-सीतापुर रेलवे ट्रैक पर संतोष सिंह (45) निवासी मढ़िया कोतवाली पिहानी जिला हरदोई की ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। इससे रेल यातायात प्रभावित हुआ था। इसकी सूचना स्टेशन मास्टर ने एसपी संजीव सुमन को दी थी, जबकि चौकी प्रभारी साहब लाल का कहना है कि घटना की सूचना मिलने के कुछ समय बाद वह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए थे। स्टेशन मास्टर सहित रेलवे पुलिस को दुर्घटना के बारे में सूचना देने के साथ ही शव का पंचनामा भरकर रेलवे ट्रैक शुरू करा दिया गया था।
एसएचओ पसगवां निर्भय कुमार सिंह का कहना है कि कार्य में लगातार लापरवाही किए जाने की शिकायत उच्चाधिकारियों के पास पहुंच रही थी। इसके चलते जंगबहादुरगंज के चौकी प्रभारी साहब लाल को सस्पेंड किया गया है।