जुलूस निकालकर डीएम कार्यालय ज्ञापन देने जाते सीएचओ। संवाद
लखीमपुर खीरी। मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे सीएचओ ने सोमवार रात मच्छरदानी और छाते के सहारे सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना दिया। मंगलवार को भी मांगों पर कोई ठोस नतीजा नहीं निकलने पर सीएचओ ने सीएमओ कार्यालय से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। डीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और मांगें जल्द पूरी करने की मांग की।
कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो गई हैं। सरकार ने जिले में मरीजों के इलाज के लिए 423 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनवाए हैं। इनमें करीब 350 सीएचओ ही तैनात किए जा सके हैं। अपनी 12 मांगों को लेकर सीएचओ यूनियन उत्तर प्रदेश के बैनर तले सीएचओ बृहस्पतिवार से हड़ताल पर हैं।
मांगें पूरी न होने पर सीएचओ ने दिन के साथ रात में भी सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे सीएचओ अरविंद वर्मा ने बताया कि महिलाओं को रात में भेज दिया गया था, लेकिन पुरुष सीएचओ धरने पर बैठे रहे।
सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने कहा कि सीएचओ को लगातार समझाने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी समस्या का समाधान शासन स्तर से होना है। उनकी मांगों का ज्ञापन भी उच्चाधिकारियों को भेजा जा चुका है।