लखीमपुर खीरी। इस बार नवीन शिक्षा सत्र के तहत 27 जून से परिषदीय विद्यालय खुलेंगे। लेकिन
बच्चों को कोई समस्या न हो, इसके लिए बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके तहत स्कूलों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैठने के लिए समुचित संसाधन उपलब्ध कराए जाने थे। स्कूल खुलने में महज दो दिन ही बचे हैं, मगर अधिकतर विद्यालयों में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, झाड़ियां उगी हुई हैं और हैंडपंप खराब पड़े हैं।
फिलहाल उमस भरी गर्मी पड़ रही है, ऐसे में पेयजल के समुचित साधन उपलब्ध न होना, बच्चों के लिए बड़ी समस्या है। प्राथमिक विद्यालय कमलापुर के प्रांगण में लोगों ने कूड़े के ढेर लगा रखे हैं। चारों तरफ गंदगी फैली हुई है। परिसर में दो हैंडपंप तो लगे हैं, लेकिन दोनों खराब हैं। वहीं नौरंगाबाद प्राथमिक स्कूल का भवन तो ठीक था, लेकिन बच्चों के आने-जाने का रास्ता काफी खराब था।
लोगों ने बताया कि बारिश के दिनों में स्कूल में घुटनों तक पानी भर जाता है और कई दिनों तक फिसलन बनी रहती है। देखरेख के अभाव में शौचालय की हालत दिनों दिन बिगड़ती जा रही है। स्कूलों में ऐसे हालात देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि बच्चे यहां बैठकर कैसे पढ़ाई कर पाएंगे।
ममरी के विद्यालयों में उग आई झाड़ियां
ममरी। कस्बे के पूर्व माध्यमिक विद्यालय और प्राथमिक विद्यालय में हालात काफी बदतर दिखे। स्कूल मैदान में झाड़ियां उग आई हैं और कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। बताया जाता है कि ग्राम प्रधान ने भी स्कूल में साफ-सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया। ऐसी हालत में बच्चे स्कूल में कैसे बैठ पाएंगे, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। संवाद
गंदगी में बैठेंगे परिषदीय स्कूल के बच्चे
बेहजम। 27 जून से विद्यालय खुलते ही बच्चे पढ़ने के लिए स्कूल पहुंचेंगे, लेकिन विद्यालयों में साफ-सफाई न होने की वजह से बच्चे इस बार गंदगी में बैठने को मजबूर होंगे। ऐसा ही हाल प्राथमिक विद्यालय अकबरपुर सरैया विद्यालय में देखने को मिला, जहां परिसर में बेशुमार गंदगी फैली पड़ी थी। चहारदीवारी के अंदर बड़ी-बड़ी झाड़ी व घास उग आई है। संवाद
खराब रास्तों से होकर स्कूल पहुंचेंगे नौनिहाल
पलियाकलां। स्कूलों में रंगाई-पुताई तो दूर की बात है, उनमें साफ-सफाई तक नहीं हुई है। तमाम स्कूलों तक पहुंचने के लिए रास्ते बेहद खराब हैं। भीरा रोड स्थित बोझवा गांव में रोड किनारे प्राथमिक स्कूल के बाहर बड़ी-बड़ी झाड़ियां खड़ीं हैं। स्कूल में जाने तक का रास्ता सही नहीं है। बांउड्रीवाल भी नहीं है, बीच में भवन बना हुआ है। इसी तरह थारू क्षेत्र के बनगवां स्कूल का हाल है। यहां स्कूल के चारों तरफ चहारदीवारी के पास झाड़ियां उगी हैं, जिनकी सफाई नहीं कराई गई है। मटैहिया स्कूल परिसर में गंदगी फैली हुई है। संवाद
सिंगाही खुद में लटके मिले ताले
संपूर्णानगर। सिंगाही खुर्द स्थित कंपोजिट विद्यालय में ताले लगे हुए मिले। बाहर से रोड भी साफ दिखाई दी। हालांकि कई अन्य गांवों के स्कूलों में गंदगी और झाड़ियां मिलीं।
विद्यालयों में साफ-सफाई के लिए बैठक बुलाकर सभी को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। एक दिन पहले बीईओ की उपस्थित में अभियान चलाया जाएगा। जहां भी पेयजल, पंखा, शौचालय आदि की समस्या प्रकाश में आएंगी, उनका समाधान कराया जाएगा। - डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडेय, बीएसए, खीरी