लखीमपुर खीरी। बाल दिवस पर जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कहीं शिक्षक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाते नजर आए तो कहीं बच्चों ने दुकानदार बनकर बाल मेले में स्टॉल सजाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद और क्विज प्रतियोगिताओं के बीच बच्चों ने खूब मस्ती की। साथ ही उन्हें खरीदारी और लेनदेन का व्यावहारिक अनुभव भी मिला।
पलिया के श्री तेज महेंद्रा सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बाल मेले में छात्र-छात्राओं ने रंगोली, शिल्प कला, योग और खिलौनों के स्टॉल लगाए। पानीपुरी, भेलपुरी, चाउमीन, समोसे, जलेबी और आइसक्रीम के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे।
बांकेगंज के संविलियन विद्यालय महाराजनगर में विद्यार्थियों ने बाल मेला लगाया। बच्चों ने खाने-पीने के सामान की दुकानें सजाईं। अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने स्टॉल से खरीदारी की। इस मौके पर शिक्षक मुकेश वर्मा आदि मौजूद रहे।
मैगलगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय इटारा में बच्चों ने टिक्की, पकौड़ी, बताशे और मोमोज सहित विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए। विद्यार्थी दुकानदार और ग्राहक बने। इस दौरान प्रधानाध्यापिका समीना बेगम, बरखा रानी, खेल प्रशिक्षक संजीव पांडेय, रसोइया और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
पसगवां के उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या में भी बाल मेला लगा। बच्चों ने विभिन्न स्टॉल सजाए। इसके साथ ही ऊंची कूद, लंबी कूद, खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिताएं हुईं। क्विज प्रतियोगिता में काव्यांजलि वर्मा और धैर्याश ने बाजी मारी। कार्यक्रम प्रधानाध्यापक विवेक कुमार शर्मा की देखरेख में हुआ।
-
पुरानी यादों के साथ फिर जीवंत हुआ स्कूल का आंगन
लखीमपुर खीरी। राजकीय इंटर कॉलेज में बाल दिवस पर वार्षिकोत्सव एवं पुरा छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के पुरा छात्रों, वर्तमान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूर्व विद्यार्थियों ने विद्यालय से जुड़ी पुरानी यादें और अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण सुनाए और विद्यालय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए वर्तमान विद्यार्थियों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जगत प्रकाश सिंह ने कहा कि पुरा छात्र किसी भी शिक्षण संस्थान की अमूल्य धरोहर होते हैं। विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने वाले पूर्व छात्र वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। संवाद
बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता
गोला गोकर्णनाथ। नगर और क्षेत्र के स्कूल-कॉलेजों में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया गया। शनिवार को विद्यार्थियों ने बाल मेले में आकर्षक दुकानें सजाईं। विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी कराई गईं। नगर के कृषक समाज इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, गुरु हरिकिशन डिग्री कॉलेज सहित विभिन्न विद्यालयों में बाल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। संवाद
महराज नगर स्कूल में लगा बाल मेला। संवाद।
महराज नगर स्कूल में लगा बाल मेला। संवाद।
महराज नगर स्कूल में लगा बाल मेला। संवाद।