भीखमपुर। कस्ता भीखमपुर मार्ग पर फेंकी गई नवजात बच्ची जिंदा मिली है जिसे लोगों ने मानवता दिखाते हुए मितौली पुलिस के हवाले करते हुए चाइल्ड केयर को सौंप दिया है।
शनिवार सुबह छह बजे रजुआपुर गांव के पास कस्ता भीखमपुर मार्ग पर सड़क के किनारे नवजात बच्ची झाड़ियों में पड़ी मिली। उधर से गुजरने वाले राहगीरों की नजर जब नवजात पर पड़ी तो ग्रामीणों को खबर कर दी। रजुआपुर गांव की महिलाओं ने गोदी में उठाकर भूख से व्याकुल बच्ची को दूध भी पिलाया। नवजात तौलिए और गमछे से लिपटी हुई थी। ग्रामीण महिलाएं फेंकने वाले को कोस रही थीं। सूचना पर पहुंचे मितौली पुलिस हेड कांस्टेबल रामशंकर वर्मा ने चाइल्ड केयर को फोन कर नवजात को सौंप दिया।
रजुआपुर गांव के पास मिले नवजात कन्या को चाइल्ड केयर को बुलाकर सौंप दिया गया है। जो कि सुरक्षित है।
- अनिल कुमार सैनी, थानाध्यक्ष मितौली।