फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुखार से चार मासूमों की मौत

Wed, 16 Sep 2015 07:11 PM IST
लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग के दावों के बीच जनपद में बुखार से मासूमों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। 24 घंटे के अंदर जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कराए गए बुखार से पीड़ित चार मासूमों की मौत हो गई, जिससे विभागीय व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं क्योंकि हालात यह हैैं कि मंगलवार की शाम को एक गंभीर हाल बच्चे को भर्ती करने की प्रक्रिया आधे घंटे तक चली, लेकिन इलाज शुरू नहीं हो सका, लिहाजा मासूम ने बेड पर पहुंचते ही दम तोड़ दिया। इसके अलावा वार्ड में छह से अधिक बच्चे गंभीर हालत में भर्ती कराए गए हैैं, जिनका इलाज चल रहा है। अब तक जिले में बुखार और जापानी इंसेफ्लाइटिस से मरने वाले बच्चों का आंकड़ा करीब 20 तक पहुंच गया है। हालांकि आईसीयू वार्ड के चालू होने से इलाज में सुधार का दावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर रहे हैं, लेकिन मौत के बढ़ते आंकड़े मुंह चिढ़ा रहे हैं।
विज्ञापन

केेस=1
फरधान निवासी लालता की एक वर्षीय पुत्री शालू को तेज बुखार से पीड़ित होने  पर मंगलवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार को शाम 5:15 बजे भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती करने का टिकट बनाया। इसके बाद 5:35 बजे बच्चे को चिल्ड्रेन वार्ड में बेड दिया गया। अब तक बच्चे को इलाज शुरू नहीं हो पाया था, जिससे मासूम की हालत और बिगड़ती चली गई। करीब छह बजे डॉ. हर्ष भारती ने बच्चे को देखा, तब तक बच्चा दम तोड़ चुका था।
केस=2
सीतापुर जिले के थाना हरगांव क्षेत्र के सलारपुर गांव निवासी रामपाल कश्यप की पांच वर्षीय पुत्री गुड़िया सोमवार को बुखार की चपेट में आ गई। माता-पिता ने मंगलवार को करीब तीन बजे जिला अस्पताल में उसे भर्ती कराया। डॉक्टर के मुताबिक बच्ची को बुखार और डायरिया था, जिसका इलाज शुरू किया गया। इलाज के दौरान मासूम के स्वास्थ्य में सुधार होने के बजाय हालत बिगड़ती चली गई। देर शाम करीब पौने नौ बजे गुड़िया की मौत हो गई।
विज्ञापन

केस=3
धौरहरा क्षेत्र के गांव पहाड़ियापुरवा निवासी अच्छेलाल के पांच वर्षीय पुत्र रनवीर सिंह को बुखार से पीड़ित होने पर मंगलवार को चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बच्चे की सेहत में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहा, डॉक्टरों के प्रयास सफल नहीं हुए। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे मासूम रनवीर सिंह ने दम तोड़ दिया।
केस=4
उचौलिया। डुडौलिया निवासी ग्राम पंचायत वरनैया के पूर्व प्रधान जितेंद्र सिंह के नौ वर्षीय पुत्र अखंड प्रताप सिंह उर्फ रीशू की मंगलवार की दोपहर बुखार और डायरिया से मौत हो गई। परिवार वालों ने बताया कि रीशू निकट के अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ता था, जहां सोमवार को उसे बुखार और एक उल्टी आई। इसके बाद वह घर आ गया। मंगलवार को सुबह उसे फिर उल्टी दस्त आए। जितेंद्र सिंह उसे दवा दिलवाने शाहजहांपुर ले जा रहे थे। मगर रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
मिले डेंगू के लक्षण, भर्ती
वनकागांव निवासी अयूब खां में डेंगू के लक्षण मिले हैं। उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र के गांवों में इस समय बुखार और उल्टी-दस्त ने पैर पसार रखे हैं। निजी डॉक्टरों के यहां मरीजों की भीड़ है। वहीं पीएचसी में डॉक्टर न होने के चलते सन्नाटा छाया है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें