लखीमपुर खीरी। जनपद की पीएचसी में हर रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में स्टाफ को लापरवाही का रोग लग गया है। जिले की 60 पीएचसी में आयोजित मेले में से सात जगह पड़ताल की गई तो देहात क्षेत्र में चार जगह अव्यवस्थाएं हावी मिलीं।
कहीं समय से चिकित्सक नहीं पहुंचे तो वहां फार्मासिस्ट ही मरीज को देखते मिले। कुछ जगह जांच न होने से मरीजों को प्राइवेट लैब या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का सहारा लेना पड़ा। शहर के नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में तो हालत कुछ ठीक मिली। निर्मल नगर, नौरंगाबाद व गौटेय्याबाग में बने नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक भी मौजूद मिले। दवाएं भी पर्याप्त मात्रा में मिली।
मझगईं कस्बे की पीएचसी में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 20 मरीज पहुंचे। यहां डाॅ. आशुतोष सिंह की अनुपस्थिति में फार्मासिस्ट विपिन मिश्रा मरीजों को दवा दे रहे थे। उन्होंने बताया कि एक बच्चे का पैर जल गया था, जिसकी जांच कर दवा दी। बाकी मरीज खांसी, जुखाम, बुखार के आए। यहां वार्ड बॉय हिमांशु के अलावा कोई भी अन्य स्टाफ मौजूद नहीं मिला।
बरबर पीएचसी में डॉ. अशोक यादव ने दो बजे तक 62 मरीज देखे। इसमें सर्दी, जुकाम, बुखार तथा त्वचा संबंधी मरीज आए। डॉ. अशोक ने बताया कि दूषित पानी की वजह से त्वचा संबंधी अधिक मरीज आते हैं। आयुर्वेद चिकित्सक के न आने पर मरीजों को हताश होकर घर लौटना पड़ा।
पड़रिया तुला में शुगर की भी नहीं होती मिली जांच-
बिजुआ के आरोग्य मंदिर मूड़ासवारान में 16 मरीज पहुंचे। यहां सिर्फ शुगर की जांच हो रही थी। पड़रिया तुला में 28 मरीज पहुंचे, यहां शुगर जांच की मशीन है, लेकिन मरीजों को सुविधा नहीं मिली। संपूर्णानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट नीतू सिंह मरीजों को देखती मिलीं। जानकारी करने पर पता चला कि डाॅ. विनोद कुमार ने इस्तीफा दे दिया है। मात्र फार्मासिस्ट व कुछ स्टाफ के सहारे ही पीएचसी आने वाले मरीजों का इलाज किया जा रहा है। रविवार को 19 मरीजों का चेकअप कर उनको दवाएं दीं गईं। इसमें इंफेक्शन समेत अन्य बीमारी के मरीज इलाज कराने पहुंचे थे। केशवापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरई में 62 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाएं दी गईं। फार्मासिस्ट राकेश वर्मा, चौकीदार विशाल कुमार, वार्डब्वॉय सूर्या वाजपेयी मौजूद रहे। संवाद
संपूर्णानगर पीएचसी में मरीजों का इंतजार करतीं फार्मासिस्ट व स्वास्थ्यकर्मी। संवाद