लखीमपुर खीरी। रविवार को सेठघाट पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर मन्नतें मांगी। व्रती महिलाएं पूजन सामग्री के साथ मंगल गीत गाते हुए सेठ घाट पहुंची। जैसे ही सूर्य अस्त होना शुरू हुआ, महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर घर की सुख समृद्धि के लिए मंगल कामना की।
नहाय खाय से शुरू हुआ चार दिवसीय महाछठ पूजा के तीसरे दिन यानी रविवार की शाम सेठघाट पर व्रती महिलाओं को भीड़ जुटनी शुरू हो गई। व्रती महिलाओं ने जहां एक ओर घरों में छठ मइया के गीत गाए वहीं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर मनौतियां मांगी। शाम साढ़े चार बजते ही महिलाएं व उनके घर के सदस्यों ने पूजा की तैयारियां शुरू कर दी। जैसे जैसे अर्घ्य देने का समय नजदीक आ रहा था। वैसे वैसे घाट की रौनक बढ़ती जा रही थी।
छठ पूजा पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए थे। वहीं उल्ल नदी में मगरमच्छ होने की आंशका को देखते हुए वन विभाग की टीम नाव से पूजन के समय नदी के आस पास गश्त करती रही। शाम होने तक घाट के आस पास पैदल चलना तक मुश्किल हो गया था। व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर शुभ मुहूर्त में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।
इसके बाद बेदी पर पहुंचकर गन्ने के मंडप में गीत गाते हुए छठ मैया की विधिवत पूजन कर घर परिवार के लिए मंगल कामना करते हुए मनवांछित फल मांगा। वहीं, मन्नत पूरी होने पर घरों में कोसी भरी गई। सुबह सदर विधायक योगेश वर्मा, नगर पालिकाध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव के अलावा छठ पूजा समिति के सदस्य मृगांक उपाध्याय ने घाट पर पहुंचकर साफ सफाई व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
बता दें कि खरना पूजा के बाद 36 घंटों के महाव्रत की शुरूआत होती है। शनिवार को महिलाओं ने खरना पूजा का प्रसाद ग्रहण करते हुए व्रत शुरू किया था। सोमवार को व्रती महिलाएं उगते सूरज को अर्घ्य देकर व्रत का परायण करेंगी।
आज उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का होगा परायण
छठ महापर्व के तहत सोमवार सुबह 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाली महिलाएं सेठघाट पहुंच कर उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देकर अपने व्रत का पारण करेंगी। छठ समिति मृगांक शेखर उपाध्याय ने बताया कि इसके लिए रविवार की रात तीन बजे से ही महिलाएं सेठघाट पर पहुंचने लगेंगी। इस समय सुबह देर से सूर्य उदय हो रहा है।
माता के भजनों से भाव विभोर हुई महिलाएं
रविवार को महा छठ पर्व को लेकर नगर पालिका ने भजन संध्या का आयोजन किया। इस दौरान सेठ घाट पर उल्ल नदी के किनारे धनक स्वदेशी बैंड के गायकों नमन पांड्या, शीलू श्रीवास्तव, अखिलेश सहित अन्य आमंत्रित कलाकारों ने ...कांच ही बांस के बह्नगिया, जोड़े जोड़े सुपवा, बानी असरे में मां नमन के चला भौजी हाली हाली सूरज देखै हैं लाली आदि छटी मैया के गीतों और भजनों पेश किए। भजनों को सुनकर भक्त भाव विभोर हो गए।
छठ मैया से की सुख समृद्धि की कामना
गोला गोकर्णनाथ। रविवार को गोकर्ण तीर्थ के तट पर अस्ताचलगामी डूबते हुए सूर्य देव को अर्घ्य दिया। व्रती महिलाओं ने विशेष प्रकार का पकवान ठेकुवा और मौसमी फल सूर्य देव को अर्पित कर उन्हें दूध जल से अर्घ्य दिया। सोमवार को उदयगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जायेगा। गोकर्ण तीर्थ के तट पर जाकर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी। संवाद
सेंठघाट पर छठ पूजा करती महिलाएं स्रोत:संवाद
सेंठघाट पर छठ पूजा करती महिलाएं स्रोत:संवाद