मझगईं। लोधपुरवा में चल रहे डॉ. मो. हसन नॉकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग चरण का समापन सोमवार को दो मुकाबलों के साथ हो गया। दोनों मैचों में छब्बापुरवा और पृथ्वीपुरवा ने शानदार जीत दर्जकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। मंगलवार से क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
लीग चरण के सातवें मुकाबले में टेहरा और छब्बापुरवा आमने-सामने थे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छब्बापुरवा की टीम ने निर्धारित 14 ओवर में नौ विकेट पर 150 रन बनाए। 151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टेहरा की टीम सात ओवर में 62 रन पर सिमट गई। हैप्पी के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आठवें और अंतिम लीग मुकाबले में पृथ्वीपुरवा ने बसंतापुर को 71 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पृथ्वीपुरवा ने 14 ओवर में 154 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बसंतापुर की शुरुआत बेहद खराब रही और चार बल्लेबाज खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। मुजफ्फर ने 16, जलीस ने 14 और मिट्ठू सिंह ने नौ रन बनाए। पूरी टीम 82 रन पर ऑलआउट हो गई।
पृथ्वीपुरवा के अंकित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 33 रन बनाने के साथ तीन ओवर में 15 रन देकर चार विकेट झटके। उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। अतीक अहमद ने बताया कि मंगलवार से क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुरू होंगे। पहला मैच पलिया और छब्बापुरवा, जबकि दूसरा मुकाबला पृथ्वीपुरवा और गोविंदपुर फार्म के बीच खेला जाएगा।
इस दौरान आयोजक मोहम्मद इमरान, मोहम्मद अफजल, निसार अहमद, नाजिम अली, ताहिर, कबीर, अंपायर अखलाक हुसैन, मोईद राजा सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।