सर्द मौसम में बिजली की बढ़ती खपत से हांफ रहे बिजली उपकेंद्रों के फीडरों पर ओवरलोडिंग कम हो गई है। सप्लाई आंकड़ों पर गौर करें तो लोड घटने से घरेलू बिजली लाइनें भी कम टूट रही हैं और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या से भी राहत मिली है।
एक पखवाड़े पूर्व दर्ज आंकड़ों के मुताबिक नई बस्ती से संचालित जेल फीडर, खीरी टाउन फीडर, गढ़ी उपकेंद्र से संचालित दो नंबर, सात नंबर फीडर पर खतरा बढ़ गया था लेकिन चेकिंग अभियान से ओवरलोडिंग में कमी आई है। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 12 जनवरी से लगातार एक-एक फीडरों से जुड़े कनेक्शनों की चेकिंग से अवैध रूप से अथवा कम स्वीकृत विद्युत भार पर ज्यादा बिजली खपत में गिरावट दर्ज की गई है। बता दें कि बिजली टीमों ने अभी तक साढ़े आठ सौ से अधिक कनेक्शनों की चेकिंग के दौरान 300 से अधिक मीटरों को बदल दिया है और लगभग इतने ही घरों का बिजली लोड बढ़ाया है।
जेई नई बस्ती मनोज पुष्कर ने बताया कि चेकिंग अभियान शुरू होने से बिजली
चोरी में कमी आई है और घरेलू कनेक्शनों का लोड भी बढ़ाया जा रहा है। यहीं
कारण है कि बिजली लाइनें कम टूट रही हैं और उपकेंद्रों पर भी कम शिकायतें आ
रही हैं। इसी तरह चलता रहा तो बिजली सप्लाई में कोई दिक्कत नहीं आएगी।
बिजली फीडरों का हाल
-जेल फीडर पर 300 एंपियर की जगह अब 150 एंपियर लोड
-खीरी टाउन फीडर पर बिजली लोड 300 एंपियर से घटकर 250 एंपियर रह गया
-अस्पताल रोड पर 110 एंपियर की जगह इस समय 70 एंपियर बिजली लोड
-विकास भवन फीडर पर 200 एंपियर की जगह 100 एंपियर ही लोड रह गया
-बस अड्डा रोड पर 140 एंपियर से 100 एंपियर ही बिजली खपत हो रही है
-गढ़ी उपकेंद्र के दो नंबर पर 200 एंपियर की जगह अब 180 एंपियर लोड है
-सात नंबर फीडर पर 200 एंपियर की जगह 160 एंपियर बिजली की खपत
-छह नंबर पर 190 एंपियर बिजली लोड घटकर 150 एंपियर ही रह गया
-पांच नंबर फीडर पर 140 की जगह 100 एंपियर बिजली खर्च हो रही है
-छाउछ के एक नंबर फीडर पर 300 से घटकर बिजली लोड 200 एंपियर रह गया है
22 को खीरी में लगेगा मेगा कैंप
लखीमपुर खीरी। ओवरलोडिंग कम करने और बकाया वसूली के लिए बिजली विभाग 22 जनवरी को खीरी कस्बे में मेगा कैंप का आयोजन कर रहा है। इस कैंप में लखनऊ के मुख्य अभियंता वेदप्रकाश वर्मा, सीतापुर सर्किल के अधीक्षण अभियंता जीडी सिंह, अधिशासी अभियंता राकेश सिंह, एसडीओ धर्मेंद्र्र आनंद मौजूद रहेंगे। जेई मनोज पुष्कर ने बताया कि कैंप के दौरान बिजली खपत की चेकिंग, मीटर बदलने और बकाएदारों से वसूली और बिजली संबंधी दिक्कतों को दूर किया जाएगा। बता दें कि खीरी टाउन कस्बे की आबादी 60 हजार के करीब है और वहां के लोगों को नई बस्ती उपकेंद्र से बिजली सप्लाई की जाती है। ऐसे में एक फीडर होने के कारण आए दिन दिक्कत बनी रहती हैं।