पुवायां। आईवीआरआई, बरेली में नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये ठगने के आरोप में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गांव अनावा निवासी जीवेश ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि मामा थाना कटरा के गांव खगरिया निवासी मुकेश मिश्रा के माध्यम से बरेली के ज्योति वाली गली नेकपुर निवासी देवेंद्र कुमार पाराशरी से उनकी मुलाकात हुई थी।
देवेंद्र ने उनके भाई आशीष शर्मा की नौकरी आईवीआरआई बरेली में लगवा देने की बात कही। नौकरी लगवाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये नकद और डेढ़ लाख रुपये 12 अक्तूबर 2023 को बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करा लिए थे। काफी समय तक नौकरी न मिलने पर देवेंद्र से बात की गई तो वह बहाने बनाने लगा।
बाद में देवेंद्र ने कॉल रिसीव करना बंद कर दिया। बाद में उसने मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया और संपर्क करने पर भी नहीं मिला। थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।