लखीमपुर खीरी। खीरी में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सभी ब्लॉक की चयनित एक-एक ग्राम पंचायत में नामित प्रेक्षकों की निगरानी में ग्राम चौपाल का आयोजन हुआ। ग्राम चौपाल में कुल 226 शिकायतें आई, जिसमें 154 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। प्राप्त शिकायतों में राजस्व 32, ग्राम्य विकास 87, पंचायती राज 44, समाज कल्याण 07, पुलिस एक, स्वास्थ्य 04 आपूर्ति 30 अन्य 21 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे डीएम महेंद्र बहादुर सिंह सीडीओ अनिल कुमार सिंह और डीपीआरओ सौम्यशील सिंह संग तहसील और ब्लॉक लखीमपुर की ग्राम पंचायत आधा चाट पहुंचे। उन्होंने पंचायत भवन में आयोजित ग्राम चौपाल का कामकाज देखा। डीएम ने कहा कि ग्राम चौपाल गांव की समृद्धि का एक सशक्त माध्यम बनेगा। इसके जरिए जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए न केवल एक मंच मिलेगा बल्कि गांव के विकास का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
आधा चाट के अलावा ब्लॉक बेहजम की ग्रापं जाम मुबारकपुर, फूलबेहड़ के ग्रापं सैदापुर, नकहा की ग्रापं अमृतापुर, कुंभी की ग्रापं परेली, बांकेगंज की ग्रापं अलीगंज, बिजुआ की ग्रापं पिपरा खुर्द, मोहम्मदी के ग्रापं मियांपुर, पसगवां की ग्रापं औरंगाबाद, मितौली की ग्रापं रेवाना, धौराहरा की ग्रापं हसनापुर, ईसानगर की ग्रापं पलिया, रमियाबेहड़ की ग्रापं लखनियापुर, निघासन की ग्रापं मोतीपुर एवं पलिया की ग्रापं विचित्रनगर में भी चौपाल का आयोजन हुआ। इन सभी चौपालों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की समस्याओं का निदान हुआ।