चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) ने एक वार्ड ब्वाय के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट निरस्त करने और अन्य लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। जिला अस्पताल और महिला अस्पताल समेत जिले भर की सभी सीएचसी और पीएचसी के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संगठन के आह्वान पर हड़ताल में शामिल हो गए हैं। शुक्रवार को सीएमओ और कोतवाल की वार्ता के बाद भी आंदोलित पदाधिकारियों के बीच सहमति नहीं बन सकी है।
संगठन ने सीएमओ दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि वार्ड ब्वाय रविशंकर भार्गव के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर निरस्त की जाए, जब तक एफआईआर निरस्त नहीं होती है, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। अध्यक्ष ने कहा कि आश्वासन से काम नहीं चलने वाला है। अगर जल्द ही हल नहीं निकला, तो शनिवार से पोस्टमार्टम समेत अन्य सेवाएं बाधित कर दी जाएंगी। इसका उत्तरदायित्व प्रशासन का होगा। अन्य मांगों में पुरुष चिकित्सालय में रह रहे कर्मचारियों के आवासों के सामने बह रहे नाले की सफाई, मृतक आश्रित कर्मचारियों का सेवायोजन करने, जर्जर आवासों की मरम्मत कराने आदि मांगे शामिल है। प्रदर्शन में राकेश वाल्मीकि, रमेश वाल्मीकि, श्यामलाल, विनोद, राधेश्याम आदि मौजूद रहे।