लखीमपुर खीरी। सावन के तीसरे सोमवार को शिव मंदिरों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। गोला गोकर्णनाथ, लिलौटीनाथ, भुइफोरवानाथ, जंगली नाथ, टेढेनाथ बाबा, नर्मदेश्चर महादेव मंदिर ओयल और कफरा के लीला नाथ मंदिर में दूर दूर से आए कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इन मंदिरों में खीरी जिले के अलावा प्रदेश के कई जिलों से आए लोगों ने दर्शन पूजन किया।
शहर के भुइफोरवानाथ मंदिर और जंगलीनाथ मंदिर के कपाट सुबह चार बजे ही दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए गए। सुबह से लेकर देर शाम तक इन मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। कई श्रद्धालुओं ने भंडारे का आयोजन कर प्रसाद बांटा। लिलौटीनाथ मंदिर में दिनभर मेला लगा रहा। तांत्रिक विधि से स्थापित ओयल के नर्मरेश्वर महादेव मंदिर में भी भारी भीड़ रही। मंदिरों में दिनभर घंटा, घड़ियाल और हर-हर महादेव का जयघोष गूंजता रहा। सड़कों पर हर तरफ केसरिया कपड़ों में बम-बम के नारे लगाते कांवड़िये नजर आ रहे थे।
पलियाकलां। पांडेय बाबा, महाकालेश्वर मंदिर में भक्तों की भीड़ पूजा-अर्चना करने के लिए लगी रही। भीरा क्षेत्र के बोझवा में स्थित साईं मंदिर में द्वादश शंकर जी के मंदिर में दूर-दूर से आए भक्तों की भीड़ रही। कई गांवों के शिवभक्तों का तांता यहां लगा रहा और बारी-बारी सभी ने भगवान का जलाभिषेक किया।
धौरहरा। श्रीलीला नाथ मंदिर कफारा, नागेश्वर महादेव मंदिर, शिव मंदिर जालिमनगर पुल, नारायणेश्वर महादेव मंदिर नरैनाबाबा और जंगली नाथ मंदिरों में रात से ही शिव भक्तों का तांता लगने लगा। शिव भक्तों ने बेलपत्र, फूल, फल, मिष्ठान आदि से पूजन अर्चन किया।
गोला में भक्तों ने किया दूध और जल से भोलेनाथ का अभिषेक
गोला गोकर्णनाथ। सावन के तीसरे सोमवार को शिव मंदिर के कपाट रात 2:00 बजे ही दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलने से पहले ही दूरदराज से आए शिव भक्त कांवड़िये भगवान भोलेनाथ का दर्शन करने के लिए कतारबद्ध हो गए। लोहे की बेरिकेडिंग को पार करते हुए शिव भक्त शिव मंदिर परिसर में पहुंचे। द्वार पर प्रथम पूज्य भगवान गणेश का पूजन करने के बाद शिव भक्तों ने गर्भगृह में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
सोमवार दोपहर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने परिवार सहित भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और भ्रमण कर सावन माह की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर एसडीएम रत्नाकर मिश्रा, सीओ राजेंद्र प्रसाद, नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव, अरुण सोनकर, ईओ जी लाल आदि मौजूद रहे। संवाद
शिव भक्ति के साथ देशभक्ति का संगम
इन दिनों छोटी काशी में भगवान शिव की भक्ति के साथ देशभक्ति का संगम भी देखने को मिल रहा है। दूरदराज से गंगा घाटों से जल लेकर आ रहे शिव भक्तों के वाहनों पर भगवा धर्म पताका के साथ देश का गौरव तिरंगा लहरा रहा है। शहर में शिव भक्ति के साथ देशभक्ति के संगम के दर्शन हो रहे हैं।
क्लेशहरण मंदिर में रही श्रद्धालुओं की भीड़
ममरी। सावन के तीसरे सोमवार को क्षेत्र से लेकर दूरदराज से आए हजारों स्त्री पुरुष श्रद्धालु पदयात्री कांवड़ियों ने अहमदनगर के प्राचीन क्लेश हरण मंदिर में बेलपत्र, फूल, फल और प्रसाद चढ़ाकर जलाभिषेक किया। इस मौके पर मंदिर का वातावरण भोलेनाथ के जयकारों से गुंजायमान होता रहा। पुजारी विष्णु गिरी ने बताया कि यहां के मंदिर पर महिला श्रद्धालुओं की सर्वाधिक भीड़ होती है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हैदराबाद थाना पुलिस मौजूद रही। संवाद
टेढ़ेनाथ बाबा शिव मंदिर पर रही भक्तों की भीड़
बग्घून। क्षेत्र में गोमती नदी के किनारे बाबा टेढ़े नाथ बाबा धाम पर पवित्र सावन के तीसरे सोमवार को कांवड़ियों तथा दूर-दराज से आए शिव भक्तों का सैलाब उमड़ा। भक्तों ने बेलपत्र, फूल, भांग, धतूरा, चंदन, दूध और अक्षत से भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। संवाद
16 डाक कांवड़ियों ने किया शिव का जलाभिषेक
अलीगंज। बिजुआ क्षेत्र के ग्राम पंचायत भदेड़ से 16 सदस्यों की टीम ने 22 जुलाई को ग्राम फर्रुखाबाद घटियाघाट के लिए रवाना हुई, जोकि सुबह साढ़े चार बजे फर्रुखाबाद के घटियाघाट पर पहुंची। वहां से डाक कांवड़ लेकर गोला के लिए रवाना हुई। रास्ते में 10 घंटे का कठिन परिश्रम करते हुए तीन बजे छोटी काशी गोला मंदिर में पहुंचकर 23 जुलाई को छोटी काशी गोला के शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। डाक कांवड़ टीम में उपेंद्र सिंह, आशीष कुमार सिंह, आदित्य सिंह, धीरेंद्र सिंह, आलोक सिंह, कौशल सिंह,हर्षित सिंह, निर्भय सिंह, निलेश वर्मा, शिवम वर्मा, जसकरण राज, धीरू श्रीवास्तव, अनुराग शर्मा, आशुतोष, अजीत कुमार सक्सेना आदि शामिल रहे। संवाद
शिव भक्तों के ट्रैक्टरों पर लहरा रहा तिरंगा
शिव भक्तों के ट्रैक्टरों पर लहरा रहा तिरंगा