40वें दिन भी जारी रही हड़ताल, क्रमिक अनशन का चौथा दिन
सराफा कारोबारियों की हड़ताल 40वें दिन और क्रमिक अनशन के चौथे दिन व्यवसायियों ने विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार को कोसा है।
एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सराफा कारोबारी हड़ताल के साथ क्रमिक अनशन पर हैं। मोहम्मदी रोड पर क्रमिक अनशन पर बैठे दीपक राजपूत, अतुल राजपूत, सराफा कमेटी अध्यक्ष रामचंद्र रस्तोगी ने कहा कि 40 दिन से चली आ रही हड़ताल से छोटे, मध्यम और दैनिक वेतन भोगियों की कमर टूट गयी है, जिससे वह आहत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से शीघ्र ही समस्याओं का निस्तारण कराने की मांग की। राममोहन सोनी ने कहा कि कारोबारियों के सामने करो या मरो जैसी स्थिति हो गई है। कही ऐसा न हो यह देश व्यापी आंदोलन उग्र रूप धारण कर लें। दुर्गेश सोनी ने कहा कि एक्साइज डयूटी किसी भी दशा में स्वीकार नहीं है। सुभाष चंद्र राजपूत, श्याम राजपूत, दिनेश राजपूत, अरुण स्वर्णकार ने भी संबोधित किया। संचालन महामंत्री विवेक गुप्ता ने किया। इस मौके पर सहदेव लाल चड्डा, विश्वनाथ राजपूत, वैभव राजपूत, बाला जी मराठा, अभिषेक राजपूत, दिलीप रस्तोगी, अखिलेश सक्सेना और दर्जनों की संख्या में सर्राफा व्यापारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी के निर्देश पर चलती रहेगी हड़ताल
मोहम्मदी में आल इंडिया सराफा एसोसिएशन के आह्वान पर केंद्र सरकार द्वारा आभूषणों पर लगाई गई एक्साइज ड्यूटी के विरोध में मोहम्मदी का सराफा व्यवसाय 40वें दिन भी पूर्णरूप से बंद रहा।
बंदी के संबंध में अस्तल धर्मशाला में एक बैठक हुई, जिसमें सभी ने बंदी को 40वें दिन पूरे होने के बाद भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा बंदी समाप्त होने के आदेश न दिए जाने तक पूर्णरूप से अपनी दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया। सराफा कमेटी अध्यक्ष कामद रस्तोगी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक केंद्र सरकार आभूषणों पर एक्साइज ड्यूटी नहीं हटाएगी, तबतक हड़ताल जारी रहेगी। सभी व्यापारियों ने इसका समर्थन किया। इस मौके पर सराफा कमेटी अध्यक्ष कामद रस्तोगी, व्यापार मंडल अध्यक्ष अतुल रस्तोगी, नरेंद्र मेहरोत्रा, देवेंद्र मोहन रस्तोगी, विवेक रस्तोगी, सुभाष रस्तोगी, सुभाष मेहरोत्रा, धीरेंद्र नाथ गुप्ता, रामजी गुप्ता, विशाल गुप्ता, गौरव रस्तोगी, आशुतोष रस्तोगी, श्रवण कुमार, महेंद्र राठौर, आनंद रस्तोगी, भरत गुप्ता, योगेश गुप्ता समेत तमाम सराफा व्यापारी मौजूद रहे।