लखीमपुर खीरी। आखिरकार बुधवार को वह ऐतिहासिक पल आ ही गया, जिसका सालों से इंतजार था। भगवान राम की नगरी अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंदिर निर्माण की आधारशिला रखते ही भाजपाइयों, हिंदू संगठनों से लेकर आम जनमानस का खुशी का ठिकाना न रहा। प्रधानमंत्री के नींव पूजन में चांदी की ईंट रखते ही जिले में आतिशबाजी शुरू हो गई। सांसद कार्यालय से लेकर भाजपा, विभिन्न हिंदू संगठन के कार्यालयों तक और मोहल्लों में जय श्रीराम के जयघोष होने लगे। रात में विभिन्न स्थानों पर दिये जलाए।
भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में मंदिर निर्माण को लेकर लोगों का उत्साह देेखते ही बन रहा था। मंदिरों, खीरी सांसद अजय मिश्रा टेनी के कार्यालय पर मंगलवार से तैयारियां शुरू हो गई थी। श्रद्धालुओं ने मंदिरो में श्रीरामचरित मानस का पाठ शुरू कराया तो सांसद कार्यालय रंगबिरंगी झालरों से जगमग हो उठा। बुधवार को सांसद अजय मिश्र ने सदर विधायक योगेश वर्मा के साथ भगवान राम का पूजन कर कार्यकर्ताओं में लड्डू बांटे। प्रधानमंत्री के नींव पूजन में चांदी की ईंट रखते ही सदर विधायक ने कार्यकर्ताओं के साथ जय श्रीराम का जयकारा लगाकर आतिशबाजी की। सांसद प्रतिनिधि अंबरीष सिंह, रमेश चंद्र मिश्रा, पन्ना लाग अग्रवाल, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।
मैलानी। सदर चौराहा स्थित महादेव मंदिर को कृष्ण मुरारी अवस्थी, राजू राजपूत आदि ने फूल एवं बिजली की झालरों से सजाया। नगर पंचायत अध्यक्ष सत्यवती ने काली मंदिर में अखंड पाठ कराया। शिलान्यास पर श्रद्धालुओं ने पटाखे दागकर खुशी मनाई।
उचौलिया। कस्बा निवासी सनद कुमार पांडे, अनिल गुप्ता एवं उनकी पत्नी मधु गुप्ता, इंद्रपाल प्रजापति आदि ने शिवमंदिर में रामचरितमानस पाठ कराया। वनकागांव में अमरीश तिवारी, विक्रांत बाथम, परमिल कुमार मिश्र ने अखंड पाठ कराया।
पसगवां । रामजानकी मंदिर, जमिरहा के पीतांबरा देवी मंदिर, मुल्लापुर, खरगापुर, बरखैरिया जाट, जंगबहादुरगंज, मोहिउद्दीनपुर,रामापुर के मंदिर और शिवालयों में अखंड पाठ हुआ। भक्तों ने राम नाम संकीर्तन कर कोरोना महामारी से छुटकारा दिलाने की प्रार्थना की।
बरबर। देवीस्थान मंदिर में भाजपा जिला महामंत्री मनोज वर्मा ने दीप जलाकर रामचरितमानस का पाठ कराया।
निघासन। प्राचीन हनुमान मंदिर में भाजपा जिला महामंत्री विनोद लोधी, डीके मौर्या, शशिकांत, विपिन, प्रदीप गुप्ता, मोनू दीक्षित, कौशल आदि ने सुंदरकांड का पांच बार पाठ किया और प्रसाद बांटा।
गोला गोकर्णनाथ। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के भूमि पूजन पर नानक चौकी के निकट बाबा धर्मेश्वरनाथ मंदिर पर अखंडपाठ, हवन, पूजन के साथ कन्या भोज हुआ। मंदिर कमेटी की ओर से कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से समाज से दूर करने के लिए भोले बाबा से प्रार्थना की। इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू्, पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल, सुमित, राहुल मिश्रा, धर्मदत्त तिवारी आदि रहे।
संसारपुर। राम भक्तों ने जमकर आतिशबाजी की। ग्राम प्रधान रामप्रसाद देवल ने राम दरबार की आरती उतारी। वहीं देवी मंदिर में राम भक्तों ने अखंड पाठ किया।
गुलरिया। पड़रिया तुला, मालपुर, गुलरिया, गदियाना, बिजुआ, भानपुर, अम्बारा, रामालक्षना, जंगलीनाथ, देवरिया रड़ा, रायपुर, लखहा, अलीगंज आदि जगहों पर रामचरितमानस का पाठ किया गया। प्रसाद वितरण भी हुआ। लोगों ने एक दूसरे को बधाई दीं।
भीखमपुर। क्षेत्र के कई गांवों के मंदिरों में में रामभक्तों ने रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया। रामजानकी मंदिर में सुंदरकांड पाठ हुआ। अल्लीपुर, मढ़िया, अवधपुर आदि गांवों में भक्तों ने पूजा अर्चना की।
बिझौली। ग्राम पंचायत बिझौली में ठाकुरद्वारा पर रामचरितमानस का पाठ बीडीसी उमेश सिंह ने कराया। पाठ के समापन के बाद पूरे गांव में दिये जलाये गए, जिससे गांव में दिवाली जैसा माहौल रहा। धनेश्वरनाथ मंदिर पर लल्लासिंह यादव, जिला पंचायत सदस्य महेशचंद्र कनौजिया ने अखंड पाठ कराया। कबीरधाम मुस्तफाबाद में ग्राम प्रधान संत अनुभवदास ने दीप जलाकर दिवाली मनाई।
टीवी पर देखा सीधा प्रसारण
लखीमपुर खीरी। श्रीराम मंदिर शिलान्यास का लाइव प्रसारण देखने को लोग टीवी के समक्ष सुबह से बैठे रहे। दुकानों, घरों में लोग टीवी के सामने बैठकर शुभ घड़ी का इंतजार करते दिखे।
मंदिर में हवन और पूजन
लखीमपुर खीरी। शिलान्यास पूजन को लेकर हर तरफ हर्ष का माहौल था। शहर के मुडिया महंत मंदिर में सुबह से हवन पूजन शुरू को गया। पुजारी ने शुभ घड़ी में श्रीराम दरबार का पूजन और आरती की।
ढोल नगाड़ों पर नाच उठे रामभक्त
बिजुआ। भगवान श्रीराम मंदिर के शिलान्यास मौके पर भले ही रामभक्त तन से न जा सके हों, लेकिन मन उनका वहीं रमा रहा। सुबह से ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हुआ गया। कस्बे के मंदिर में श्रीराम चरित मानस पाठ समापन के बाद दीपोत्सव हुआ। अयोध्या में नींव पूजन संपन्न होते ही भक्तों ने पटाखे दागे और ढोल नगाड़े की थाप पर जश्न मनाया। महिलाओं ने घरों में दीप जलाकर प्रभु श्रीराम का स्मरण किया।
श्रीराम लखन जानकी मंदिर पर हुआ भंडारा
मोहम्मदी। पिपरिया धनी के श्रीराम लखन जानकी मंदिर पर भूमि पूजन अवसर पर भंडारा हुआ। भक्तों ने विधि विधान से पूजन कर श्री राम लक्ष्मण माता सीता को भोग लगाया।
इसके बाद भक्तों में प्रसाद वितरण हुआ। राजीव गुप्ता, गौरव गुप्ता, संतराम संतु (प्रधान),दिलीप गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।
जनकपुर में कार सेवकों का हुआ सम्मान
ममरी। अयोध्या के श्रीराम मंदिर नींव पूजन के दिन भाजपा नेता इंद्रजीत यादव के आवास जनकपुर ग्रंट नंबर 18 में हवन पूजन, सुंदरकांड पाठ का आयोजन कर वर्ष 1992 के आंदोलन में जेल गए 10 कार सेवकों सोमवती पत्नी स्वर्गीय देवेंद्र कुमार, सुरेशचंद गुप्ता, जीवनलाल वर्मा, जयनारायण गुप्ता, इंद्रजीत यादव, खूबचंद पटेल, रामसिंह यादव, सतीशचंद्र वर्मा, ओमप्रकाश यादव को जय श्रीराम के जयघोष के बीच पुष्प माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि मुन्नालाल अवस्थी, उमेशचंद्र तिवारी, सचेंद्र अग्निहोत्री, विजय शुक्ला रिंकू, रविंद्र कटियार, जोधाराम, महेंद्र विश्वकर्मा, राजेश शुक्ला आदि कारसेवक मौजूद रहे।
विधायक ने बाबा टेढ़ेनाथ धाम पर किया पूजन
अमीरनगर। कस्बे के शांति बाबा आश्रम पर विधायक अरविंद गिरि ने अखंड पाठ के समापन पर पूजा अर्चना की। पूर्व प्रधान अब्दुल अजीज खां उर्फ पप्पू, आत्मानंद शुक्ला, सुनील रस्तोगी, जुबेर खां, जय सिंह, अरविंद सिंह, प्रधान संदीप सिंह, सुनील विश्वकर्मा, कुलदीप शर्मा, डॉ मनोज शर्मा आदि मौजूद रहे। सामाजिक दूरी का पालन करते हुए भंडारे का आयोजन किया गया।
न्याय पंचायत मगदापुर के बाबा टेढ़ेनाथ धाम पर विधायक अरविंद गिरि पूजा के बाद बताया कि विधानसभा में 17 स्थानों पर राम जन्मभूमि के मंदिर के भूमि पूजन पर कार्यक्रम रखा गया है। अमीरनगर के शांति बाबा आश्रम पर हुए कार्यक्रम में हिंदू मुस्लिम एक साथ दिखाई दिए। संवाद
राम मंदिर भूमि पूजन के मौके पर पड़रिया तुला में नृत्य कर जश्न मनाते युवक। संवाद- फोटो : LAKHIMPUR